बिहार की राजधानी पटना में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है. पटना सिटी के दीदारगंज थाना क्षेत्र के हिरानंदपुर इलाके में जमीन पर काम कर रहे एक ही परिवार के चार लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई. गोलीबारी में पिता और उनके तीन बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. सभी घायलों को आननफानन में इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

जानकारी के मुताबिक, हिरानंदपुर इलाके में एक जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया. बताया जा रहा है कि एक ही परिवार के लोग विवादित जमीन पर काम कर रहे थे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया और गोलीबारी शुरू कर दी. आरोप है कि हमलावरों ने पिता और उनके तीन बेटों को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं, जिससे चारों घायल हो गए.

पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप

घायल परिवार का आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर पहले से ही दीदारगंज थाने में मामला दर्ज कराया गया था. इसके बावजूद विवाद का समाधान नहीं हुआ और न ही समय रहते कोई ठोस कार्रवाई की गई. पीड़ित पक्ष का कहना है कि इसी विवाद के चलते आज उन पर जानलेवा हमला किया गया.

घटना के बाद सामने आए वीडियो में कथित तौर पर कुछ लोग राइफल लेकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया है. हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि और उसमें दिख रहे लोगों की पहचान जांच का विषय है.

घायलों ने सुनाई आपबीती

घायलों में द्वारिका सिंह और उनके बेटे भोला कुमार ने घटना को लेकर अपनी आपबीती बताई. परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई. फतुहा एसडीपीओ1 अवधेश कुमार ने मामले की जानकारी लेते हुए जांच शुरू की है. पुलिस जमीन विवाद, गोलीबारी की परिस्थितियों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है.

दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी ने पटना में कानूनव्यवस्था और जमीन विवादों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस खूनी संघर्ष में कौनकौन लोग शामिल थे और फायरिंग के पीछे की पूरी वजह क्या थी.

इनपुट बृजभूषण