Featured Image

Newborn Skeleton Found In Water Tank: आगरा के मलपुरा थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मिर्जापुर गांव के पास नहर किनारे पड़ी करीब 500 लीटर क्षमता की प्लास्टिक की पानी की टंकी से नवजात का कंकाल बरामद हुआ। टंकी से दुर्गंध आने के बाद ग्रामीणों को शक हुआ और जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मलपुरा पुलिस ने टंकी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

कई दिनों से इस टंकी से तेज दुर्गंध आ रही थी

बताया जा रहा है कि नहर किनारे कई दिनों से पड़ी इस टंकी से तेज दुर्गंध आ रही थी। ग्रामीणों ने जब टंकी को देखा तो उसके अंदर कुछ संदिग्ध नजर आया। जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टंकी की जांच कराई तो उसमें नवजात शिशु का कंकाल बरामद हुआ। कंकाल मिलने की सूचना से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेजा गया कंकाल

पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि कंकाल करीब 15 दिन पुराना हो सकता है। हालांकि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और कंकाल को पानी की टंकी में किसने रखा, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।

आरोपी की जांच में जुटी पुलिस

अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि नवजात का कंकाल टंकी तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन है? पुलिस आसपास के इलाके में जानकारी जुटाने के साथ-साथ टंकी और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मलपुरा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और नवजात की पहचान तथा घटना के पीछे की वजह सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। आगरा पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही पूरे मामलें का खुलासा होगा।