Moradabad Double Murder Case: यूपी के मुरादाबाद जिले में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सिविल लाइंस थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी और लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी आरिफ उर्फ बड्डे हाजी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर राजा और उनकी गर्भवती पत्नी फरहा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है.

यह सनसनीखेज वारदात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के चक्कर की मिलक इलाके में हुई थी. पुलिस जांच के अनुसार, घटना एक मकान की रजिस्ट्री और 24 हजार रुपये के बकाया भुगतान नहीं होने कारण हुई थी. आरोप है कि इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दंपती की बेरहमी से हत्या कर दी गई.

गर्भवती थी मृतका

मामले की सबसे दर्दनाक बात यह थी कि मृतका फरहा गर्भवती थीं. इस हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला था.

कब हुई थी दंपति की हत्या?

पुलिस के मुताबिक, 21 अप्रैल की रात विवाद बढ़ने पर फहीम ने अपने बेटों आरिफ, फरजंद, नवाब अनस और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे.

जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में नामजद कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपी आरिफ फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.

कैसे पुलिस की गिरफ्त में आया आरिफ?

सिविल लाइंस पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चक्कर की मिलक चौराहे के पास से आरिफ को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है दोहरे हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तार हो चुकी है और अब आगे की कानून कार्रवाई की जाएगी.