Wednesday, February 25, 2026
Health

बेटियों को कैंसर से बचाने की बड़ी पहल: 14 साल की लड़कियों को लगेगा मुफ्त HPV टीका!..

बेटियों को कैंसर से बचाने की बड़ी पहल: 14 साल की लड़कियों को लगेगा मुफ्त HPV टीका!..
बेटियों को कैंसर से बचाने की बड़ी पहल: 14 साल की लड़कियों को लगेगा मुफ्त HPV टीका!..

देश में महिलाओं की सेहत को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है. जिसके तहत जल्द ही पूरे भारत में HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा. इसका मकसद सर्वाइकल कैंसर यानी गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बेटियों को समय रहते बचाना है.

जानतारी के मुताबिक सरकार इस अभियान के तहत हर साल करीब 1.15 करोड़ 14 साल की लड़कियों को मुफ्त टीका लगाएगी. यह टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक होगा और सरकारी अस्पतालों में दिया जाएगा. यह कदम न सिर्फ स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में अहम है, बल्कि स्वस्थ नारी, सशक्त राष्ट्र के संकल्प को भी मजबूती देता है.

क्या है सर्वाइकल कैंसर और क्यों जरूरी है यह टीका?
भारत में महिलाओं में होने वाले कैंसरों में सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर है. हर साल देश में करीब 80 हजार नए मामले सामने आते हैं और 42 हजार से ज्यादा महिलाओं की मौत हो जाती है. चिंता की बात यह है कि ज्यादातर मामलों में यह बीमारी देर से पकड़ में आती है. डॉक्टरों के मुताबिक, यह कैंसर ज्यादातर HPV वायरस के संक्रमण से होता है. खासकर HPV के टाइप 16 और 18 इसके लिए जिम्मेदार होते हैं. अच्छी बात यह है कि यह कैंसर टीकाकरण और समय पर जांच से काफी हद तक रोका जा सकता है.

कौन सा टीका लगेगा?
सरकार इस कार्यक्रम में Gardasil नाम का HPV टीका इस्तेमाल करेगी. यह एक क्वाड्रिवैलेंट वैक्सीन है, जो HPV के चार प्रकार—16, 18, 6 और 11 से सुरक्षा देती है. यह टीका नॉन-लाइव है, यानी इससे संक्रमण नहीं होता. दुनिया भर में 2006 से अब तक 50 करोड़ से ज्यादा डोज दी जा चुकी हैं. वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि एक डोज भी मजबूत और लंबे समय तक सुरक्षा देती है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) भी HPV टीकाकरण को सर्वाइकल कैंसर खत्म करने की वैश्विक रणनीति का अहम हिस्सा मानता है.

किसे और कैसे लगेगा टीका?
सरकारी योजना के तहत टीका 14 साल की लड़कियों को लगाया जाएगा और यह पूरी तरह मुफ्त होगा. टीकाकरण सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में होगा. हर केंद्र पर प्रशिक्षित डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ मौजूद रहेंगे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। टीकाकरण के बाद निगरानी की पूरी व्यवस्था रहेगी. टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक होगा.

दुनिया के करीब 160 देश पहले ही अपने राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम में HPV वैक्सीन शामिल कर चुके हैं. 90 से ज्यादा देश एक डोज वाला शेड्यूल अपना रहे हैं. इन देशों में HPV संक्रमण और सर्वाइकल कैंसर के मामलों में कमी देखी गई है.अब भारत भी इसी दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है.

सरकार की अपील
सरकार ने देश भर के माता-पिता और अभिभावकों से अपील की है कि जब यह अभियान शुरू हो, तो वे अपनी 14 साल की बेटियों को जरूर टीका लगवाएं. HPV टीका सिर्फ एक इंजेक्शन नहीं, बल्कि कैंसर से बचाव की मजबूत ढाल है.

me.sumitji@gmail.com

Leave a Reply