Featured Image

ताइवान के इस कैफे की अजीब थीम ने उड़ाए सबके होशImage Credit source: Instagram/@aakanksha.monga

जब भी हम किसी रेस्टोरेंट में जाते हैं, तो हमारा ध्यान साफ-सफाई, सुंदर सजावट और स्वादिष्ट खाने पर होता है. लेकिन क्या आपने कभी ऐसे कैफे के बारे में सुना है जहां प्लेट की जगह टॉयलेट बाउल में खाना परोसा जाता हो? जी हां, ताइवान में एक ऐसा ही रेस्टोरेंट है जो अपनी अजीबोगरीब थीम के लिए दुनियाभर में चर्चा का विषय बना हुआ है. हाल ही में भारतीय कंटेंट क्रिएटर आकांक्षा मोंगा ने इस कैफे का दौरा किया और अपने इस अनोखे अनुभव को सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद से यह इंटरनेट पर छाया हुआ है.

क्या है इस अनोखे कैफे की खासियत?

ताइवान का प्रसिद्ध ‘मॉडर्न टॉयलेट रेस्टोरेंट’ (Modern Toilet Restaurant ) अपनी थीम डाइनिंग के लिए जाना जाता है. यहां पारंपरिक कुर्सियों और टेबल की जगह बाथरूम की तर्ज पर सेटिंग्स की गई हैं. मसलन, बैठने के लिए डाइनिंग चेयर की जगह असली टॉयलेट सीटें लगाई गई हैं और खाने के टेबल के नीचे कांच के बने बाथटब रखे गए हैं.

इस कैफे में आने वाले ग्राहकों को खाना साधारण प्लेटों में नहीं, बल्कि छोटे कमोड के आकार के बाउल में परोसा जाता है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इतना ही नहीं, ड्रिंक्स और कोल्ड ड्रिंक्स भी छोटे यूरिनल के आकार के होल्डर्स में सर्व किए जाते हैं. रेस्टोरेंट की यह अजीब थीम पहली बार आने वाले ग्राहकों को हैरान कर देती है.

खाने को मिली 5 रेटिंग, लेकिन अनुभव रहा शानदार

कंटेंट क्रिएटर आकांक्षा जब इस कैफे में पहुंचीं, तो उन्होंने हर एक चीज को अपने कैमरे में कैद किया. उन्होंने यहां के खाने को स्वाद के मामले में 10 में से 5 रेटिंग दी, यानी खाने का स्वाद औसत था. हालांकि, उन्होंने इस पूरे अनोखे और हटके अनुभव को 10 में से 10 अंक दिए.

कैफे में सबसे ज्यादा चर्चा एक खास डेजर्ट की हुई. यहां डार्क चॉकलेट आइसक्रीम को इंसानी मल के शेप में प्लेट में परोसा गया था. उसकी हूबहू बनावट देखकर आकांक्षा भी हैरान रह गईं. उन्होंने वीडियो में मजाक में कहा, अब मैं डार्क चॉकलेट आइसक्रीम को पहले जैसा कभी नहीं देख पाऊंगी.

लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं

सोशल मीडिया पर आकांक्षा का यह वीडियो सामने आते ही वायरल हो गया. इस पर लोगों की बेहद दिलचस्प और मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ यूजर्स को यह कॉन्सेप्ट बेहद क्रिएटिव, मजेदार और फनी लगा. वहीं, कई लोगों ने इस तरह की थीम में खाना परोसे जाने पर आपत्ति जताई और कहा कि टॉयलेट के आकार के बर्तनों में खाना देखकर उनकी भूख ही मर जाती है.

भले ही खाने के स्वाद को लेकर लोगों के अलग-अलग मत हों, लेकिन ताइवान का यह मॉडर्न टॉयलेट रेस्टोरेंट लोगों को अपनी तरफ आकर्षित करने में पूरी तरह कामयाब रहा है. जो लोग लीक से हटकर कुछ अलग और अजीब अनुभव करना चाहते हैं, उनके लिए यह जगह किसी एडवेंचर से कम नहीं है.