
फरीदकोट: कहते हैं कि जब ऊपर वाला देता है तो छप्पर फाड़कर देता है. पंजाब के फरीदकोट जिले में एक गरीब मजदूर परिवार के साथ यह कहावत पूरी तरह सच साबित हुई है. कोटकपूरा की रहने वाली एक महिला अपने बच्चों के लिए कपड़े खरीदने बाजार निकली थीं. इसी दौरान उन्होंने रास्ते में महज 7 रुपये का एक लॉटरी टिकट खरीद लिया. महिला को अंदाजा भी नहीं था कि उनका यह छोटा सा फैसला अगले ही दिन उनकी पूरी जिंदगी बदल देगा. महज 7 रुपये के इस टिकट पर पूरे 1 करोड़ रुपये का बंपर इनाम निकला है.
रेलवे स्टेशन के पास स्टॉल पर पड़ी थी नजर
यह कहानी कोटकपूरा की रहने वाली बिमला देवी की है. उनके पति मजदूरी करके किसी तरह घर का खर्च चलाते हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। आमदनी कम होने की वजह से परिवार की जरूरतें पूरी करना और बच्चों की परवरिश करना काफी मुश्किल हो रहा था. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बिमला देवी बच्चों के कपड़े खरीदने के लिए घर से निकली थीं. जब वह रेलवे रोड पर रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रही थीं, तो उनकी नजर एक लॉटरी स्टॉल पर पड़ी. उन्होंने अपनी किस्मत आजमाने के लिए वहां से सिर्फ 7 रुपये का एक टिकट खरीद लिया.
अगले दिन बजा फोन, स्टॉल पर भांगड़ा कर मनाया जश्न
टिकट खरीदने के अगले ही दिन लॉटरी का रिजल्ट जारी हुआ, जिसमें बिमला देवी के टिकट पर 1 करोड़ रुपये का पहला इनाम निकल आया. लॉटरी स्टॉल के संचालक नरेश मोंगा ने तुरंत फोन करके परिवार को यह खुशखबरी दी. एक करोड़ जीतने की खबर सुनते ही पूरे परिवार के होश उड़ गए और घर में खुशी की लहर दौड़ गई. परिवार के लोग तुरंत लॉटरी की दुकान पर पहुंचे, जहां दुकानदार ने उन्हें मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया. इस दौरान परिवार ने ढोल की थाप पर भांगड़ा करके अपनी खुशी का इजहार किया.
छोटा कारोबार शुरू कर बच्चों का भविष्य संवारेगा परिवार
दिहाड़ी मजदूरी के सहारे चलने वाले इस परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये की रकम किसी वरदान से कम नहीं है. बिमला देवी का कहना है कि वह परिवार के सभी सदस्यों के साथ बैठकर तय करेंगी कि इन पैसों का सही इस्तेमाल कैसे किया जाए. परिवार की योजना एक छोटा-मोटा कारोबार शुरू करने की है ताकि घर में नियमित कमाई का जरिया बन सके और बच्चों को अच्छी पढ़ाई-लिखाई व बेहतर भविष्य मिल सके.
दुकानदार के लिए भी यादगार बन गई यह जीत
लॉटरी बेचने वाले दुकानदार नरेश मोंगा के लिए भी यह पल बेहद खास रहा. उन्होंने बताया कि वह पिछले करीब छह महीने से लॉटरी का स्टॉल चला रहे हैं. इससे पहले उनकी दुकान से लाखों रुपये के इनाम वाले टिकट तो कई बार निकले थे, लेकिन 1 करोड़ रुपये का बंपर इनाम पहली बार किसी ग्राहक को लगा है.



