रांची: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर करीब 24 दिनों से चल रहा छात्रों का आंदोलन अब खत्म हो गया है। सरकार और छात्रों के बीच सहमति बनने के बाद भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेताओं ने अपना अनशन समाप्त कर दिया।

आंदोलन खत्म होने के बाद कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि छात्रों का भूख हड़ताल खत्म करना अच्छी खबर है। राहुल ने इससे पहले भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आंदोलनकारी छात्रों से व्यक्तिगत रूप से मिलने और उनकी मांगों का समाधान करने की अपील की थी।
दरअसल, छात्रों की प्रमुख मांगों में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच और प्रक्रिया में पारदर्शिता शामिल थी। सरकार ने JSSCCGL परीक्षा और TDPL द्वारा आयोजित परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा की, जिसके बाद आंदोलनकारियों ने इसे बड़ी सफलता बताया। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हालांकि, सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्रों की ओर से सवाल अभी भी उठाए जा रहे हैं।
राहुल गांधी ने छात्रों के मुद्दे पर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि युवाओं की आवाज सुनी जानी चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान बातचीत के जरिए किया जाना चाहिए।



