
लखनऊ में ड्यूटी से लौट रही युवती को पूर्व से परिचित ऑटो चालक ने नशीला कोल्ड ड्रिंक पिलाया। उसके बेहोश होने पर आरोपी उसे सतरिख थाना के चकसार के जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया। देर रात होश आने पर युवती को आरोपी ने जबरिया ऑटों में बैठाया और उसके घर छोड़ दिया। इस दौरान युवती के जूते, मोजे व कपड़े और मोबाइल घटनास्थल पर ही छूट गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
लखनऊ के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके मोहल्ले में रहने वाला करन साहू ऑटो चलाता है। वह अपनी छोटी बहन के साथ नौकरी पर जाती है। शुक्रवार को छोटी बहन काम पर नहीं गई थी। करन साहू ने शाम करीब सवा पांच बजे उसे ऑटो में बैठाया था। रास्ते में उसने कोल्ड ड्रिंक की बोतल निकाली और पीने के लिए कहा। मना करने पर उसने कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दबाव बनाया जिससे वह कुछ ही देर में बेहोश हो गई।
होश आने पर जंगल में मिली लड़की
पीड़ित युवती ने बताया कि रात में करीब पौने 10 बजे से उसे कुछ होश आया तो खुद को जंगल में पाया। करन साहू उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। होश आने पर उसने शोर मचाया तो खेत में पानी लगाने गए किसान उधर की और दौड़े तो करन ने उसका गला दबा कर जान से मारने की धमकी दी जिससे वह डर गई। इसके बाद उसे ऑटो में बैठाया और भाग निकला। करन ने घर में उसे दवा दिलाने की बात कही। होश में आने पर उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। घर पहुंची पीड़िता का मोबाइल फोन उसके पास नहीं था। पिता ने फोन मिलाया तो एक व्यक्ति ने फोन उठाया। उसने बताया कि यह फोन जंगल में मिला है।
आरोपी खिलाफ मुकदमा दर्ज
शनिवार को पीड़िता व उसके परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। वहां किसान ने पीड़िता का फोन वापस किया। घटनास्थल पर युवती का एक जूता, मोजे, ऑटो में बिछाई जाने वाली रबर शीट व पायजामा पड़ा मिला। इसके बाद पीड़िता परिजनों के साथ गोसाईंगंज थाने पहुंची और तहरीर दी लेकिन वहां की पुलिस ने घटनास्थल सतरिख थाना क्षेत्र बता कर वापस भेज दिया। सतरिख पुलिस ने देर रात पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में पुलिस लगी है। सतरिख थाना के एसएसआई अशोक कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।



