Featured Image

मध्य प्रदेश के गुना से बीजेपी विधायक पन्नालाल शाक्य एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं. नानाखेड़ी मंडी प्रांगण में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित बलराम कृषि महोत्सव-2026 के मंच से भाषण देते हुए शाक्य ने रामायण, महाभारत और इतिहास के उदाहरण देते हुए पुरुषों के विनाश के पीछे महिलाओं को जिम्मेदार ठहराने वाली टिप्पणी कर दी.

विधायक के बयान पर मंच पर मौजूद चांचौड़ा से बीजेपी की महिला विधायक प्रियंका मीना पैंची ने तत्काल आपत्ति जताई. उन्होंने इसे महिलाओं का अपमान बताते हुए खुले मंच से पन्नालाल शाक्य के बयान का विरोध किया. मंच पर दोनों विधायकों के बीच हुई बहस के कारण कुछ समय के लिए कार्यक्रम का माहौल भी गरमा गया. इस घटना का वीडियो और विधायक का बयान अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है.

क्या था पन्ना लाल शाक्य का बयान?

पन्नालाल शाक्य ने अपने भाषण में रामायण का संदर्भ देते हुए कहा कि रावण के भाई ने उसे पराई स्त्री को वापस भेजने की सलाह दी थी. उन्होंने दावा किया कि उस युद्ध में किसी महिला की मौत नहीं हुई, बल्कि केवल पुरुष मारे गए. उन्होंने कहा “रामायण काल में रावण को उसके भाई ने बहुत समझाया था कि पराई स्त्री को लाना मौत का सामान है, उसे ससम्मान वापस भेज दो। उस युद्ध में कोई महिला नहीं मरी, सिर्फ आदमी मारे गए.”

इसके बाद विधायक ने महाभारत का उदाहरण देते हुए द्रौपदी का जिक्र किया और पुरुषों की मौत को उनसे जोड़कर टिप्पणी की. उन्होंने कहा “महाभारत में भी एक पंचाली (द्रौपदी) के चक्कर में एक करोड़ आदमी मारे गए, लेकिन महिलाएं कोई नहीं मरी.”

कौन हैं पन्नालाल शाक्य?

पन्नालाल शाक्य का जन्म 1956 में गुना के नयापुरा में हुआ था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। करीब 70 वर्ष के शाक्य ने ग्वालियर की जीवाजी यूनिवर्सिटी से बीए, एमए और एलएलबी की पढ़ाई की है. राजनीति के अलावा उनका जुड़ाव कृषि से भी रहा है और राजनीति में आने से पहले वह खुद एक किसान थे. वह मध्य प्रदेश के गुना (एससी) विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के विधायक हैं और क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं. वे आरएसएस से भी जुड़े हुए बताए जाते हैं.

2023 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में पन्नालाल शाक्य ने गुना विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार को 66,454 मतों के बड़े अंतर से हराकर जीत हासिल की थी. चुनावी जीत के बाद वह एक बार फिर गुना क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. हालांकि, अपने राजनीतिक करियर में वह कई बार विवादित बयानों के कारण भी सुर्खियां बटोर चुके हैं.

साल 2018 में क्या दिया था विवादित बयान?

पन्नालाल शाक्य इससे पहले 2018 में भी महिलाओं को लेकर अपनी टिप्पणी के कारण विवादों में आए थे. गुना में एक कॉलेज कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लड़कियों के बॉयफ्रेंड बनाने से जोड़ दिया था. उन्होंने कहा था कि अगर लड़कियां बॉयफ्रेंड बनाना बंद कर दें तो उनके खिलाफ अपराध भी रुक जाएंगे. इसी दौरान उन्होंने महिलाओं को यह सलाह भी दी थी कि ऐसी संतान पैदा करने से बेहतर है कि वे निःसंतान रहें, जो समाज में विकृति पैदा करे या संस्कारों का पालन न करे.