दिल्ली के कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में आयोजित दो दिवसीय ‘दिल्ली की दिवाली’ उत्सव के दूसरे दिन भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ी. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा की मौजूदगी में दीपावली उत्सव की रौनक लगातार दूसरे दिन भी बरकरार रही. बड़ी संख्या में दिल्लीवासी परिवार और दोस्तों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत और दीपावली से जुड़े आयोजनों का आनंद लिया. इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की.

उन्होंने कहा कि ‘दिल्ली की दिवाली’ राजधानी की संस्कृति, परंपरा और एकजुटता का प्रतीक है. सरकार का प्रयास है कि दिल्ली में सभी त्योहार स्वच्छता, भव्यता और उल्लास के साथ मनाए जाएं. मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और सकारात्मकता का संदेश देने वाला पर्व है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सरकार दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के साथ हर नागरिक के जीवन में खुशहाली लाने के लिए लगातार काम कर रही है.
कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में दो दिवसीय आयोजन
पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में लगातार दूसरे साल दिल्ली सरकार भव्य स्तर पर ‘दिल्ली की दिवाली’ का आयोजन कर रही है. पिछले साल कर्तव्य पथ पर डेढ़ लाख दीये जलाकर दीपावली मनाई गई थी, जबकि इस बार कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में दो दिवसीय आयोजन किया गया.
उन्होंने कहा कि कनॉट प्लेस दिल्ली का दिल है. कुछ समय पहले यहां व्यापारियों के बीच ऐसा माहौल बनाने की कोशिश की गई थी, जिससे बाजारों और दुकानों का कारोबार प्रभावित हो. ऐसे माहौल को सकारात्मकता और उत्सव में बदलने के लिए सरकार ने कनॉट प्लेस में ही भव्य दीपावली मनाने का फैसला किया. इसका उद्देश्य दिल्लीवासियों को एक साथ त्योहार मनाने का अवसर देना है.
कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली में अब यमुना नदी पर छठ पूजा करने पर कोई प्रतिबंध नहीं है और दीपावली भी पूरी भव्यता के साथ मनाई जा रही है. सरकार दिल्ली की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को मजबूत करने के लिए प्रयास कर रही है.
10 नवंबर से शुरू होगी नमो यमुना रिवर सफारी
दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि दिल्ली की पहली ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ 10 नवंबर से आम लोगों के लिए शुरू होगी. इसके जरिए दिल्लीवासी और पर्यटक यमुना में क्रूज की सवारी करने के साथ नदी के प्राकृतिक नजारों का आनंद ले सकेंगे. इसके अलावा नदी किनारे विकसित किए जा रहे एंटरटेनमेंट जोन का भी अनुभव मिलेगा.
दो दिनों तक चले इस आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संगीत और रोशनी ने लोगों को आकर्षित किया. सरकार का कहना है कि इस आयोजन के जरिए राजधानी में सकारात्मक माहौल बनाने और दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया.



