
मध्य प्रदेश के इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में एमबीए छात्रा की हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमी पीयूष को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. पुलिस के अनुसार, लड़की की हत्या करने के बाद उसने शव के साथ दरिंदगी की. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके बाद वह मुंबई फरार हो गया. आरोपी मुंबई और पनवेल सहित कई स्थानों पर छिपता रहा.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी बताया कि हत्या के बाद उसे पछतावा होने लगा था. वह लड़की की ‘आत्मा से माफी मांगना’ चाहता था. इसके लिए उसने इंटरनेट और यूट्यूब पर तथाकथित तांत्रिक क्रियाओं से जुड़े वीडियो देखे. इन वीडियो से प्रभावित होकर वह मुंबई के एक सुनसान इलाके में गया और कथित तौर पर तंत्र क्रिया के माध्यम से लड़की की आत्मा से संपर्क करने की कोशिश की. पुलिस अफसरों का कहना है कि आरोपी के ये दावे जांच के दायरे में हैं.
लड़की शादी नहीं करना चाहती थी
आरोपी पीयूष और मृतका एक ही संस्थान में पढ़ते थे और दोनों के बीच नजदीकी संबंध थे. आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह लड़की से शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की लगातार इसे टाल रही थी और रिलेशन समाप्त करना चाहती थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था.
घटना वाले दिन आरोपी ने लड़की को बातचीत के बहाने अपने कमरे पर बुलाया. बातचीत के दौरान उसने लड़की के मोबाइल फोन में एक बेटिंग/चैटिंग ऐप देखा, जिससे उसे शक हुआ कि लड़की किसी अन्य युवक से संपर्क में है. इसी शक और विवाद के दौरान उसने लड़की का गला दबाकर हत्या कर दी और लाश के साथ संबंध बनाया. इसके बाद वह फरार हो गया.
घटना का खुलासा 13 फरवरी को हुआ, जब आसपास रहने वाले लोगों को कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी. संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे से लड़की का शव बरामद हुआ. शव की स्थिति देखकर हत्या के बाद रेप की आशंका भी सामने आई. जांच के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन महाराष्ट्र में ट्रेस की. इसके बाद इंदौर पुलिस टीम ने मुंबई पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
12 फरवरी को लड़की की गुमशुदगी की रिपोर्ट हुई थी दर्ज
बताया गया कि मृतका के परिजनों ने 12 फरवरी को ही लड़की की गुमशुदगी की रिपोर्ट इंदौर के पड़रीनाथ थाने में दर्ज कराई थी. बाद में शव की पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी गई. मामले में डीसीपी क्राइम कृष्णलाल चांदनी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. शुरुआती पूछताछ में वह अलग-अलग बयान दे रहा है, जिससे लगता है कि वह जांच को भटकाने की कोशिश कर रहा है. पुलिस ने हत्या और रेप सहित अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.






