
बुलंदशहर. उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर में प्रेम प्रसंग से जुड़ा बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेमिका से मिलने आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. युवक बागपत से अपनी प्रेमिका से मिलने बुलंदशहर आया था. बताया जा रहा है कि युवक ने शक्तिवर्धक दवा का ओवरडोज ले लिया था, जिसके चलते उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई. हालात बिगड़ने पर प्रेमिका उसे मृत अवस्था में जिला अस्पताल में छोड़कर फरार हो गई. कोतवाली नगर पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है और फरार युवती की तलाश की जा रही है.
अस्पताल में बताया अपना पति
बागपत जनपद के थाना बिनौली क्षेत्र के गांव फतेहपुर पूठी निवासी 34 वर्षीय विनोद कुमार पुत्र लाल सिंह पंजाब में नौकरी करता था. वह कुछ दिनों से अपने गांव में ही रह रहा था. युवक के पिता लाल सिंह ने बताया कि उनके चार बेटे हैं, जिनमें विनोद तीसरे नंबर का था. परिजनों के मुताबिक, रविवार सुबह विनोद घर से यह कहकर निकला था कि उसके मालिक का एक्सीडेंट हो गया है और उसे वहां जाना है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। लेकिन दोपहर करीब 12 बजे विनोद के ही मोबाइल फोन से एक महिला ने उसके दूसरे भाई प्रदीप को फोन किया और कहा कि आप लोग तुरंत बुलंदशहर आ जाएं, विनोद का एक्सीडेंट हो गया है. इसी बीच जिला अस्पताल से भी पुलिस को सूचना दी गई कि एक युवक की मौत हो गई है और एक युवती उसे अपना पति बता रही है.
कालाआम चौकी का मामला
सूचना मिलने के बाद कालाआम चौकी पुलिस जिला अस्पताल पहुंची, लेकिन तब तक वह युवती वहां से फरार हो चुकी थी. पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवक और युवती पहले किसी होटल में गए थे, जहां युवक ने कथित तौर पर शक्तिवर्धक दवा का ओवरडोज ले लिया. इसके बाद दोनों मलका पार्क पहुंचे, जहां युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और हार्ट फेल होने से उसकी मौत हो गई. हालांकि अभी मौत का सही कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. प्रेमी की मौत के बाद युवती का अस्पताल से फरार हो जाना पूरे मामले को और भी संदिग्ध बना रहा है.
क्या कर रही पुलिस
पुलिस अब उस युवती की पहचान और तलाश में जुट गई है. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है. सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा. जिस युवती ने युवक को अस्पताल पहुंचाया था उसकी भी तलाश की जा रही है.




