
T20 World Cup 2026 Abhishek Sharma: भारत के विध्वंसक ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप में सफलता के बाद माता वैष्णो देवी का आशीर्वाद लिया है. पूरे टूर्नामेंट में लगभग फेल होने वाले अभिषेक ने फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ तूफानी पारी खेली थी. उन्होंने 21 गेंद पर 52 रन बनाए थे. इस दौरान उनके बल्ले से छह चौके और 3 छक्के निकले थे. अभिषेक ने संजू सैमसन के साथ पहले विकेट के लिए 7.1 ओवरों में ही 98 रनों की साझेदारी की थी.
अभिषेक शर्मा ने माता वैष्णो देवी का दर्शन किया और आईपीएल 2026 से पहले उनसे आशीर्वाद लिया. अभिषेक के लिए टी20 वर्ल्ड कप के सिर्फ दो मैच ही अच्छे गए थे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। फाइनल के अलावा उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक लगाया था. खराब फॉर्म के बावजूद टीम प्रबंधन ने उनके ऊपर भरोसा कायम रखा. अभिषेक ने फाइनल में अपने प्रदर्शन से साबित कर दिया कि उन्हें क्यों सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में गिना जा रहा है. उन्होंने कीवी गेंदबाजी की बखिया उधेड़ दी. जैकब डफी, मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन जैसे खूंखार तेज गेंदबाजों की जमकर धुलाई कर दी.
ऐसा रहा अभिषेक का प्रदर्शन
अभिषेक ने लगातार तीन शून्य से टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत की. वह अमेरिका के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम, पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम और नीदरलैंड के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खाता नहीं खोल पाए. इसके बाद सुपर-8 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद में 15 और चेन्नई में जिम्बाब्वे के खिलाफ 55 रन बनाए. कोलकाता में वेस्टइंडीज के सामने वह 10 रन ही बना पाए. इसके बाद मुंबई में वह फिर फेल हो गए और इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 9 रन ही बना पाए. फाइनल में उन्होंने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कोई कसर नहीं छोड़ी और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया. अब अभिषेक की नजर सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आईपीएल 2026 में तूफानी प्रदर्शन करने पर है.
मैच में क्या हुआ था?
न्यूजीलैंड ने फाइनल में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन बनाकर एक पहाड़ स्कोर खड़ा किया. टीम इंडिया के लिए संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा 89 रन बनाए. ईशान किशन ने 54 और अभिषेक शर्मा ने 52 रनों की पारी खेली. जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रनों पर सिमट गई. टीम इंडिया ने 96 रनों से फाइनल मैच को जीत लिया. मैच में 4 विकेट लेने वाले जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया. संजू सैमसन ने टू्र्नामेंट में 5 मैचों में 321 रन बनाए. उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला.






