Ketan Agrawal Murder Pune: महाराष्ट्र के सबसे चर्चित और रूह कंपा देने वाले केतन अग्रवाल हत्याकांड में आज, सोमवार का दिन बेहद महत्वपूर्ण है. इस मर्डर मिस्ट्री के मुख्य आरोपी और केतन की मंगेतर सिया गोयल व उसके प्रेमी चेतन चौधरी की पुलिस रिमांड आज खत्म हो रही है. दोनों को आज पुणे की वडगांव मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उनकी रिमांड बढ़ाने की मांग कर सकती है. इसी बीच, इस केस में एक नया और बेहद चौंकाने वाला मोड़ आया है. केतन और सिया को पुणे से मुंबई एयरपोर्ट छोड़ने वाले कार ड्राइवर वैभव जाधव ने पहली बार कैमरे पर आकर उस दिन कार में हुए हाईवोल्टेज ड्रामे का पूरा सच उजागर कर दिया है.

ड्राइवर वैभव जाधव ने कैमरे पर खुलासा करते हुए बताया कि सिया और केतन अग्रवाल अपने प्रीवेडिंग शूट के लिए इंडोनेशिया के बाली जा रहे थे. इसके लिए उन्होंने पुणे से मुंबई एयरपोर्ट के लिए कार बुक की थी. वैभव के मुताबिक, “सिया गोयल उस दिन बाली जाने के लिए बिल्कुल भी तैयार नहीं थी. वह कार में बैठने के लिए भी नखरे कर रही थी. आखिरकार सिया के भाई साहिल गोयल ने उसका हाथ पकड़ा और उसे जबरदस्ती खींचकर कार के भीतर बैठाया. गाड़ी चलने के बाद पुणे से रावेत के बीच रास्ते भर सिया और उसके भाई साहिल के बीच कार में बेहद तीखी बहस और झगड़ा होता रहा.”
फूड कोर्ट में सिया की करतूत, चोरी से निकाला सामान
ड्राइवर ने आगे बताया कि रावेत के बाद वे केतन अग्रवाल और उसके कुछ परिवार के सदस्यों को साथ लेकर किवले लोढ़ा इलाके से मुंबई एक्सप्रेसवे के रास्ते आगे बढ़े. रास्ते में गाड़ी एक फूड कोर्ट पर चाय और नाश्ते के लिए रुकी. सब लोग जब नाश्ता कर रहे थे, तब सिया किसी बहाने से चुपके से वापस कार के पास आई. उसने गाड़ी का दरवाजा खोलकर अंदर से कुछ सामान निकाला और अपनी जेब में रख लिया. ड्राइवर ने सिया की इस अजीब हरकत को नोट कर लिया था.
एयरपोर्ट पर खुली पोल, मंगेतर का पासपोर्ट उड़ा ले गई थी सिया
वैभव जाधव ने बताया कि जब उन्होंने सभी को मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित ड्रॉप कर दिया, तो वे वापस पुणे के लिए निकल गए. कुछ देर बाद उनके पास केतन के निजी ड्राइवर का फोन आया कि केतन का कुछ जरूरी सामान और पासपोर्ट गाड़ी में ही छूट गया है. जब ड्राइवर वैभव ने कार की जांच की और पूरे घटनाक्रम को जोड़ा, तब समझ आया कि फूड कोर्ट पर चुपके से कार के पास आकर सिया ने जो सामान निकाला था, वह असल में केतन का पासपोर्ट था. सिया ने जानबूझकर केतन का पासपोर्ट गायब किया था ताकि उनकी बाली की फ्लाइट छूट जाए.
जुर्म कबूला, पर एकदूसरे पर मढ़ रहे दोष
इधर पुणे पुलिस आज दोनों आरोपियों को दोपहर बाद वडगांव मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश करेगी, जहां 23 जून को उन्हें पुलिस रिमांड में भेजा गया था. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सिया और चेतन दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है. उन्होंने माना है कि 18 जून को उन्होंने योजना के तहत केतन को लोहागढ़ फोर्ट की ऊंची चोटी से धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया था, क्योंकि सिया यह शादी नहीं करना चाहती थी. हालांकि, अब दोनों खुद को बचाने के लिए कत्ल का ठीकरा एकदूसरे के सिर मढ़ रहे हैं.
हत्या से ठीक 34 मिनट पहले का वो कॉल
तफ्तीश में पुलिस के हाथ कुछ और बड़े सबूत लगे हैं. केतन को किले से नीचे फेंकने से ठीक 34 मिनट पहले सिया और उसके प्रेमी चेतन चौधरी के बीच फोन पर लंबी बातचीत हुई थी, जिसमें मर्डर के फाइनल स्टेप्स तय किए गए थे.
सिया ने पुलिस को दिए बयान में अजीब बहाना बनाते हुए कहा कि केतन के सिर पर बाल नहीं थे और वह नकली बालों का विग पहनता था. सिया को केतन का विग पहनना पसंद नहीं था और इसी वजह से वह शादी तोड़ना चाहती थी. इस पर केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने पलटवार करते हुए कहा कि उन्होंने शादी तय होने से पहले ही गोयल परिवार को बता दिया था कि केतन विग लगाता है. विशाल अग्रवाल ने यह भी खुलासा किया कि केतन को ट्रेकिंग पर ले जाने की जिद खुद सिया ने ही की थी.
भाई का बयान: इस मामले में सिया के भाई साहिल गोयल से पुलिस ने 10 घंटे तक कड़ी पूछताछ की. साहिल ने कहा कि अगर सिया को शादी नहीं करनी थी तो वह साफ बता देती, उसका परिवार कभी जबरदस्ती नहीं करता. गौरतलब है कि साहिल और आरोपी चेतन चौधरी एक साथ क्रिकेट खेलते थे, और भाई के जरिए ही सिया और चेतन की पहली मुलाकात हुई थी.



