Friday, February 13, 2026
Crime

ढाई किलो चांदी कड़े पहन महिला चराने गई थी बकरी, बदमाशों ने हत्या कर पैर काटे, गहने लूटे.!

ढाई किलो चांदी कड़े पहन महिला चराने गई थी बकरी, बदमाशों ने हत्या कर पैर काटे, गहने लूटे.!
ढाई किलो चांदी कड़े पहन महिला चराने गई थी बकरी, बदमाशों ने हत्या कर पैर काटे, गहने लूटे.!

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के बौंली थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। चांदी के कड़ों और सोने के गहनों की लालच में बदमाशों ने 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले महिला का गला रेतकर उसकी जान ली और इसके बाद दोनों पैर काटकर चांदी के कड़े निकाल लिए। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया।

बुजुर्ग महिला ने पहने थे 2.5 किलो चांदी के कड़े

मृतका के परिजनों के अनुसार, लुटेरे महिला के पैरों से करीब ढाई किलो चांदी के कड़े उतारकर ले गए। इसके अलावा सोने के कुंडल, नथ, जंतर और लगभग 25 ग्राम वजनी चांदी की चेन भी लूट ली गई। कुल मिलाकर करीब पांच तोला सोने-चांदी के गहने बदमाश अपने साथ ले गए।

कोड्याई गांव के जंगल में हुई वारदात

घटना मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कोड्याई गांव के जंगल क्षेत्र में हुई। बताया गया कि कमला देवी पत्नी रामनिवास मीणा रोज की तरह बकरियां चराने जंगल गई थीं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसी दौरान बदमाशों ने सुनसान जगह का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। महिला के पहने हुए आभूषणों को देखकर ही उसे निशाना बनाया गया।

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस

जंगल से गुजर रहे ग्रामीणों ने महिला का शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बौंली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। एसएचओ जितेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला लूट के इरादे से की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों ने बेहद क्रूरता के साथ इस वारदात को अंजाम दिया है।

सड़क जाम कर जताया विरोध, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की खबर फैलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य कोड्याई गांव की सड़क पर जाम लगा दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता मौके पर तैनात किया गया और लोगों को समझाने का प्रयास किया गया। मृतका के पोते विकास ने बताया कि दादी की हत्या से पूरा परिवार सदमे में है। उन्होंने दोषियों को जल्द पकड़ने और सख्त सजा दिलाने की मांग की। पुलिस का कहना है कि आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

me.sumitji@gmail.com

Leave a Reply