
गुवाहाटी में पत्नी रिया तालुकदार की बेरहमी से हत्या के आरोपी रामानुज गोस्वामी की कहानी अब एक और खौफनाक मोड़ पर पहुंच गई है. 3 सितंबर को पत्नी की हत्या और शव के टुकड़े करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए रामानुज की सोमवार तड़के पुलिस हिरासत में मौत हो गई.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रामानुज को मेडिकल जांच के लिए गौहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया जा रहा था. इसी दौरान नरकासुर पहाड़ी के पास उसने चलती पुलिस गाड़ी से कथित तौर पर छलांग लगा दी. गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई. लेकिन यह कहानी यहां से शुरू नहीं होती. इसके पीछे एक ऐसा घटनाक्रम है, जिसने पिछले कुछ दिनों में गुवाहाटी को झकझोर दिया था.
1. 3 सितंबर की सुबह आखिर क्या हुआ?
रामानुज गोस्वामी और रिया तालुकदार की शादी पिछले साल 22 सितंबर को हुई थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। दोनों गुवाहाटी के बेलटोला इलाके के बशिष्ठापुर में एक फ्लैट में रहते थे. पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर की सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई. जांच में सामने आया कि विवाद कथित तौर पर रिया के किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध को लेकर था. बहस बढ़ी और आरोप है कि रामानुज ने रिया की हत्या कर दी. इसके बाद उसने कथित तौर पर रिया का सिर धड़ से अलग कर दिया.
2. हत्या के बाद शव के साथ क्या किया?
मामले का सबसे खौफनाक हिस्सा हत्या के बाद सामने आया. पुलिस के अनुसार, रामानुज ने रिया के कटे हुए सिर को एक फ्रिज के अंदर रख दिया था. हत्या के बाद वह मौके से निकल गया और कई दिनों तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहा. इस बीच पुलिस उसकी तलाश करती रही.
3. 6 सितंबर की रात खुद पुलिस के सामने पहुंचा.
हत्या के तीन दिन बाद, 6 सितंबर की रात रामानुज ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. उसी रात पुलिस ने रिया के शव और उसका कटा हुआ सिर बरामद किया. इसके बाद मामले की जांच तेज हो गई और पुलिस ने रामानुज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.
4. रिया की हत्या की वजह क्या बताई जा रही है?
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद सामने आया है. आरोप है कि रिया के कथित विवाहेतर संबंध को लेकर दोनों के बीच बहस हुई थी. इसी विवाद के बाद रामानुज ने कथित तौर पर यह खौफनाक कदम उठाया. हालांकि, हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस की जांच जारी है.
5. पुलिस हिरासत में रामानुज ने मीडिया के सामने क्या कहा था?
मामला तब और चर्चा में आया जब 8 सितंबर को रामानुज को मेडिकल जांच के लिए ले जाया जा रहा था. इसी दौरान उसने पुलिस हिरासत से मीडिया की तरफ टिप्पणी करते हुए कथित तौर पर कहा था कि जेल से बाहर आने पर वह ‘शुगर डैडी’ को मार देगा. इतना ही नहीं, उसने कथित तौर पर यह भी कहा था कि उसे किए गए अपराध का कोई पछतावा नहीं है और वह माफी नहीं मांगेगा. उस वक्त उसके इन बयानों ने मामले को और सनसनीखेज बना दिया था.
6. अब अचानक पुलिस गाड़ी से क्यों कूदा?
सोमवार तड़के रामानुज को मेडिकल जांच के लिए गौहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया जा रहा था. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नरकासुर पहाड़ी के पास उसने चलती पुलिस गाड़ी से छलांग लगा दी. गिरने के बाद उसके सिर में गंभीर चोट लगी. उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.
7. आज कोर्ट में होनी थी पेशी
सोमवार को कोर्ट में पेश होना था. रामानुज की सात दिन की पुलिस हिरासत रविवार को खत्म हो गई थी. उसे सोमवार को अदालत में पेश किया जाना था. लेकिन कोर्ट में पेश किए जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई. अब उसकी पुलिस हिरासत में हुई मौत भी जांच का हिस्सा बनेगी. जिसके बाद अब इसे आत्महत्या बताया जा रहा है हालांकि जांच भी जारी है.
8. रामानुज क्या काम करता था?
पुलिस के मुताबिक, रामानुज कैब ड्राइवर था. वह अपनी पत्नी रिया के साथ गुवाहाटी के बेलटोला इलाके में रहता था. दोनों की शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था कि यह खौफनाक घटना सामने आ गई.
9. नशे की लत को लेकर भी सामने आई जानकारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रामानुज कथित तौर पर नशीले पदार्थों का सेवन करता था. बताया गया है कि उसने गुवाहाटी के बाहरी इलाके में स्थित अब बंद हो चुके एक रिहैब सेंटर में कई बार इलाज भी कराया था. हालांकि, इस जानकारी का हत्या से सीधा संबंध क्या था, यह जांच से ही साफ होगा.
10. अब इस केस में दो अलग-अलग जांच
रामानुज की मौत के बाद मामले की जांच और जटिल हो गई है. पहली जांच रिया तालुकदार की हत्या से जुड़ी है. हत्या कैसे हुई, विवाद की असली वजह क्या थी और घटना में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं. दूसरी जांच रामानुज की पुलिस हिरासत में मौत को लेकर होगी—वह पुलिस वाहन से कैसे बाहर निकला, सुरक्षा व्यवस्था क्या थी और उसे गंभीर चोट कैसे लगी.
कहानी का सबसे बड़ा सवाल
कुछ ही दिनों में इस मामले में घटनाएं तेजी से बदलीं- 3 सितंबर को पत्नी की हत्या का आरोप, 6 सितंबर को आरोपी का आत्मसमर्पण, 8 सितंबर को पुलिस हिरासत से उसका विवादित बयान और अब 14 सितंबर को पुलिस वाहन से कथित छलांग के बाद उसकी मौत. रिया की हत्या का सच और रामानुज की मौत के पीछे की पूरी परिस्थितियां अब जांच से ही साफ होंगी. फिलहाल पुलिस के सामने दोनों घटनाओं की कड़ियां जोड़ने की चुनौती है.



