शेयर बाजार में निवेश करके अच्छी कमाई करने की चाहत रखने वालों के लिए एक और बड़ा मौका दरवाजे पर दस्तक दे रहा है. मेनबोर्ड सेगमेंट में ल्यूमिनो इंडस्ट्रीज अपना 700 करोड़ रुपये का इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग लेकर आ रही है. शेयर बाजार में उतरने से पहले ही ग्रे मार्केट में इसके शेयर 56 प्रतिशत से ज्यादा के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं.

प्राइस बैंड से लेकर लिस्टिंग तक का पूरा गणित

ल्यूमिनो इंडस्ट्रीज का यह इश्यू 27 अगस्त को निवेश के लिए खुलेगा. रिटेल निवेशक इसमें 31 अगस्त तक पैसा लगा सकेंगे. वहीं, बड़े एंकर निवेशकों के लिए बोली लगाने की प्रक्रिया 25 अगस्त को ही शुरू हो जाएगी. कंपनी ने अपने शेयर का प्राइस बैंड 78 रुपये से लेकर 82 रुपये के बीच तय किया है. रिटेल निवेशकों को कम से कम एक लॉट खरीदना होगा, जिसमें 182 शेयर शामिल हैं.

जब बोलियां पूरी हो जाएंगी, तब 1 सितंबर को शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल किया जाएगा. सब कुछ तय कार्यक्रम के मुताबिक रहा, तो 3 सितंबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर इस कंपनी के शेयर लिस्ट हो जाएंगे. इस पूरी प्रक्रिया को मोतीलाल ओसवाल इनवेस्टमेंट एडवाइजर्स, जेएम फाइनेंशियल लिमिटेड और मोनार्क नेटवर्थ कैपिटल लीड कर रहे हैं, जबकि बिगशेयर सर्विसेज इसके रजिस्ट्रार हैं.

क्या काम करती है ल्यूमिनो इंडस्ट्रीज?

ल्यूमिनो मुख्य रूप से एक इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन कंपनी है. यह पावर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर के लिए जरूरी तार, पावर केबल, और हाईटेंपरेचर लोसैग कंडक्टर बनाती है.

मैन्युफैक्चरिंग के अलावा कंपनी रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन, ईएचवी सबस्टेशन, सोलर पावर प्रोजेक्ट और वॉटर मैनेजमेंट जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स का भी काम संभालती है. देश की कई बड़ी ईपीसी कंपनियों के साथसाथ इंटरनेशनल क्लाइंट्स को भी ल्यूमिनो अपने उत्पाद सप्लाई करती है.

इश्यू का साइज से लेकर हिस्सेदारी का बंटवारा

इस 700 करोड़ रुपये के कुल इश्यू में लगभग 500 करोड़ रुपये के 6.10 करोड़ बिल्कुल नए शेयर जारी किए जाएंगे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके अलावा कंपनी के प्रमोटर देवेंद्र गोयल और जय गोयल ‘ऑफर फॉर सेल’ के जरिए अपने 200 करोड़ रुपये के 2.44 करोड़ शेयरों की बिक्री करेंगे.

रिटेल निवेशकों के लिए इस आईपीओ में 35 प्रतिशत हिस्सा सुरक्षित रखा गया है. क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए 50 फीसदी और नॉनइंस्टीट्यूशनल निवेशकों के लिए 15 फीसदी हिस्सा तय किया गया है. कंपनी ने अपने कर्मचारियों का भी ध्यान रखते हुए उनके लिए 10 करोड़ रुपये के शेयर रिजर्व किए हैं.

फिलहाल ग्रे मार्केट में कंपनी का शेयर 56.10 प्रतिशत के शानदार प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है. यह अनौपचारिक बाजार का वो ट्रेंड है, जो अक्सर लिस्टिंग वाले दिन के प्रदर्शन का सटीक अंदाजा दे देता है.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.