Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर और सुसाइड कांड ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. एसबीआई में अधिकारी मानस ने गुरुवार को अपनी बैंक मैनेजर पत्नी दिव्या और मानसिक रूप से अस्वस्थ बहन तूलिका की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को भी उड़ा लिया. अब इस दर्दनाक हत्याकांड से जुड़े कई चौंकाने वाले पहलू सामने आए हैं.

जांच में सामने आया है कि मानस आर्थिक रूप से बेहद संपन्न था. उसके पिता भी बैंक में अफसर रहे थे. मातापिता की मौत के बाद मानस अपनी मानसिक रूप से बीमार छोटी बहन तूलिका की अकेले ही देखरेख कर रहा था. मानस की शादी 8 साल पहले आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या से हुई थी. शुरुआत में सब ठीक रहा, लेकिन बाद में बहन तूलिका की बीमारी के कारण दिव्या और मानस के बीच दूरियां बढ़ने लगीं.
दिव्या मानस से अलग रहना चाहती थी, जबकि मानस अपनी अस्वस्थ बहन को किसी कीमत पर छोड़ने को तैयार नहीं था. 10 महीने पहले दिव्या मायके चली गई और कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल कर दी. 18 अगस्त को कोर्ट में सुनवाई के दौरान मानस ने दिव्या से वापस घर चलने की गुहार लगाई, लेकिन उसने साफ मना कर दिया. इससे मानस अकेलेपन से पूरी तरह टूट गया.
तीन पिस्टलों से रचा मर्डर का खौफनाक चक्रव्यूह
अकेलेपन और पारिवारिक कलह से तंग आकर मानस ने अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला कर लिया. उसने वारदात को अंजाम देने के लिए 3 अवैध पिस्टल का इस्तेमाल किया. गुरुवार दोपहर मिठाई वाला चौराहे के पास जैसे ही दिव्या कार से उतरकर बैंक जाने लगी, मानस ने उसे खींचकर गोलियों से भून दिया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। गोली की आवाज सुनकर दौड़े बैंक के सुरक्षा गार्ड्स और कर्मचारियों की तरफ मानस ने दोनों हाथों से पिस्टल तान दी, जिससे डरकर वे पीछे हट गए.
इसके बाद मानस सीधे अपने गोमती नगर स्थित हुसेड़िया वाले घर पहुंचा. वहां उसने अगाध प्रेम करने वाली अपनी बीमार बहन तूलिका को गोली मारी, फिर व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाकर खुद की कनपटी पर भी गोली मार ली.
घटनास्थल पर सन्नाटा, दहशत में कर्मचारी
वारदात के 24 घंटे बाद शुक्रवार को ICICI बैंक शाखा और मानस के घर के आसपास सन्नाटा पसरा रहा. बैंक के कर्मचारी आधा शटर गिराकर अंदर काम कर रहे थे और घटना पर कुछ भी बोलने से कतरा रहे थे.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मानस ने जिस ठंडे दिमाग और प्लानिंग से इस वारदात को अंजाम दिया, उससे साफ है कि वह हर हाल में सब कुछ खत्म कर देना चाहता था. पुलिस फिलहाल, तीनों अवैध हथियारों की सोर्सिंग और WhatsApp स्टेटस में लिखे रिश्तेदारों के रोल की पड़ताल कर रही है.



