Himachal Se: Saharanpur Mohali RPG Attack: पंजाब के चर्चित मोहाली आरपीजी हमले की जांच में सुरक्षा एजेंसी को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने यूपी के सहारनपुर जिले के देवबंद क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई पंजाब स्पेशल टास्क फोर्स और उत्तर प्रदेश एटीएस की संयुक्त टीम ने की. उस पर आतंकी नेटवर्क के संपर्क में रहने का आरोप है.

जानकारी के अनुसार, देवबंद कोतवाली क्षेत्र के गांव बचीटी निवासी मोहत्सीम का नाम जांच के दौरान सामने आया था. सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार वह पाकिस्तान से संचालित आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था और उसने अपने व्हाट्सएप अकाउंट से जुड़ी तकनीकी जानकारी औऱ ओटीपी देकर संदिग्धों की मदद की थी.
भेजी गईं गोपनीय जानकारियां
जांच एजेंसियों का मानना है कि इस तकनीकी सहायता का इस्तेमाल देश के विभिन्न हिस्सों में संपर्क स्थापित करने और गोपनीय जानकारियों के आदानप्रदान के लिए किया गया. इसी आधार पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया.
छापेमारी के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री भी बरामद की है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बरामद सामान को फोरेंसिक और डिजिटल जांच के लिए भेजा गया है. एजेंसियां इन उपकरणों से नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों और गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी हैं.
प्रधान का भाई है आरोपी युवक
सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार युवक स्थानीय ग्राम प्रधान का भाई बताया जा रहा है. वहीं स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि उसके खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं. सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं.
क्या था मामला?
सितंबर 2021 में पंजाब के मोहाली स्थित इंटेलिजेंस मुख्यालय पर रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड से हमला किया गया था. इस घटना के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने कई राज्यों में फैले संदिग्ध नेटवर्क की जांच शुरू की थी. इसी मामले में देवबंद से हुई युवक की गिरफ्तारी की गई है.



