Himachal Se: Saharanpur Crime News: सहारनपुर जिले के नकुड़ थाना क्षेत्र स्थित अंबेहटा कस्बे में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. यहां मुख्य बाजार क्षेत्र में एक घर के अंदर 58 वर्षीय महिला पूनम मित्तल की हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.

जानकारी के अनुसार, मृतका पूनम मित्तल अपने पति संजय मित्तल के साथ रहती थीं, जो स्थानीय स्तर पर कॉस्मेटिक का कारोबार करते हैं. बताया जा रहा है कि घटना के समय पूनम मित्तल घर पर अकेली थीं. जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
SSP अभिनंदन ने दी जानकारी
SSP सहारनपुर अभिनंदन ने बताया कि शुरुआती जांच में महिला के गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले हैं. उन्होंने कहा कि घटनास्थल की जांच में घर के अंदर जबरन प्रवेश के कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया यह मामला किसी परिचित व्यक्ति की संलिप्तता की ओर इशारा करता है. फिलहाल किसी तरह की लूट या चोरी की घटना भी सामने नहीं आई है.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है और छह विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है. ये टीमें सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और अन्य महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही हैं.
हत्या को लेकर व्यापारियों में नाराजगी
उधर, इस घटना के बाद अंबेहटा कस्बे के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. दिनदहाड़े मुख्य बाजार क्षेत्र में हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.



