Himachal Se: ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। हरोली थाना क्षेत्र के कांटे गांव में एक विवाहिता को कथित तौर पर उसके पति और सास द्वारा जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने का आरोप लगा है। गंभीर हालत में महिला को पहले ऊना अस्पताल और बाद में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।

जानकारी के अनुसार, अमनदीप कौर की शादी करीब 12 वर्ष पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के इतने साल बाद भी संतान न होने के कारण महिला को लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। परिवार में इसी बात को लेकर अक्सर विवाद रहता था और महिला को ताने दिए जाते थे।

पीड़िता की बहन मनदीप कौर ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, घटना वाले दिन उन्हें सूचना मिली कि अमनदीप की हालत बेहद खराब है। जब वह मौके पर पहुंची तो महिला कमजोर हालत में थी और उसने बताया कि उसके पति रणजीत सिंह और सास तरसेम कौर ने उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिलाया।

परिजनों का आरोप है कि महिला के साथ पहले भी कई बार मारपीट की गई थी और इसकी शिकायत अधिकारियों तक पहुंचाई गई थी, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। अब मामला कथित तौर पर जहर पिलाने तक पहुंच गया है।

महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। फिलहाल महिला का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़िता की बहन की शिकायत के आधार पर पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।