Himachal Se: आईपीएल 2026 के 66वें लीग मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स पर पूरी तरह दबदबा बनाते हुए 89 रन की बड़ी जीत दर्ज की। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन गुजरात के बल्लेबाजों ने इस फैसले को गलत साबित कर दिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस को शुभमन गिल और साई सुदर्शन की सलामी जोड़ी ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 125 रन जोड़कर मजबूत नींव रखी। कप्तान गिल ने 64 रन बनाए, जबकि साई सुदर्शन ने शानदार लय में बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों पर 84 रन की पारी खेली।
गिल के आउट होने के बाद जोस बटलर ने भी आक्रामक अंदाज अपनाया और सुदर्शन के साथ मिलकर तेजी से रन बटोरे। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 36 गेंदों में 82 रन की साझेदारी हुई। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बटलर अंत तक नाबाद रहे और 27 गेंदों में 57 रन बनाकर गुजरात को 20 ओवर में 4 विकेट पर 229 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। चेन्नई की ओर से अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी और स्पेंसर जॉनसन को एकएक सफलता मिली।
230 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टीम ने पहली ही गेंद पर संजू सैमसन का विकेट गंवा दिया। शुरुआती झटकों से उबरने से पहले ही सीएसके 29 रन तक तीन विकेट खो चुकी थी, जिससे टीम पर दबाव बढ़ गया।
मध्यक्रम में शिवम दुबे ने कुछ समय के लिए संघर्ष जरूर किया और सिर्फ 17 गेंदों में 47 रन बनाकर मुकाबले को दिलचस्प बनाने की कोशिश की। हालांकि उनके आउट होते ही चेन्नई की बची हुई उम्मीदें भी समाप्त हो गईं। बाकी बल्लेबाज गुजरात के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके।
पूरी टीम 13.4 ओवर में 140 रन पर सिमट गई। गुजरात की ओर से गेंदबाजी में कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और राशिद खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनतीन विकेट झटके। इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने लीग चरण का शानदार अंत किया, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स का अभियान हार के साथ समाप्त हो गया।



