Himachal Se: कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। जिस मां से बेटे को अच्छे संस्कार और सही रास्ता दिखाने की उम्मीद की जाती है, वही मां अपने बेटे के साथ मिलकर नशे के काले कारोबार में शामिल निकली। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मांबेटे को लाखों रुपये के चिट्टे सहित गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार पुलिस जिला नूरपुर की CIA टीम नशे के खिलाफ अभियान के तहत गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि भदरोया गांव के एक घर में नशे की खरीदफरोख्त होने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत टीम बनाकर बताए गए मकान में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर के कोनेकोने की तलाशी ली। इसी बीच सिलाई मशीन के स्टैंड के नीचे बेहद चालाकी से छिपाकर रखा गया एक संदिग्ध पैकेट बरामद हुआ। जब पुलिस ने पैकेट खोला तो उसमें से 41.40 ग्राम चिट्टा मिला। इतनी बड़ी मात्रा में नशा मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने मौके पर मौजूद 43 वर्षीय वनीता देवी और उसके 24 वर्षीय बेटे अमन को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। दोनों भदरोया गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि दोनों काफी समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे।
मामले में थाना डमटाल में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्टे की यह खेप कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक सप्लाई की जानी थी। अधिकारियों का मानना है कि इस नेटवर्क में और भी कई लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है।