घाटमपुर (कानपुर)। शादी की खुशियाें के एक महीने में ही एक दुल्हन ने अपने पति को गहरे सदमे में डाल दिया। शादी के एक महीने बाद कुड़नी मंदिर में दर्शन के बहाने निकली पत्नी पति को चकमा देकर फरार हो गई। उसने बड़ी चालाकी से पति को अपनी सहेली को लाने के लिए दूर भेज दिया था।

साढ़ थाना क्षेत्र में कुड़नी मंदिर दर्शन करने आए युवक की पत्नी गायब हो गई। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। युवक के मुताबिक वह छह लाख के जेवर और एक लाख रुपये नकद लिए थी। बताया कि पत्नी ने धोखे से उसे अपने सहेली को लाने के लिए भेजा, लेकिन बताई जगह पर सहेली नहीं मिली और लौटने पर पत्नी भी गायब हो गई। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है।

फतेहपुर जनपद के जहानाबाद निवासी युवक के मुताबिक बीती 14 मार्च को उसकी शादी हुई थी। पत्नी फतेहपुर के बिंदकी थाना क्षेत्र की रहने वाली है। बताया कि मंगलवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे पत्नी कुड़नी मंदिर दर्शन करने की बात कहकर उनके साथ आई थी।

मंदिर में पत्नी ने कहा कि उसकी सहेली भी आ रही है और कुड़नी चौराहे पर खड़ी है। पत्नी के कहने पर वह उसकी सहेली को लेने चौराहा आ गया। यहां न तो सहेली मिली और लौटने पर पत्नी भी नहीं मिली। उसने मंदिर के आसपास और चौराहे पर काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। उसका नंबर भी स्विच आफ बता रहा है।

पीड़ित के मुताबिक पत्नी घर से छह लाख की कीमत के जेवरात और एक लाख रुपये नकद ले आई थी। पति ने इसके बाद साढ़ पुलिस को लिखित सूचना दी। पुलिस की जांच में पत्नी सीसीटीवी में दिखी है। पता चला कि वह लोडर में बैठकर निकली है। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मिश्रा के मुताबिक गुमशुदगी दर्ज की गई है। तलाश की जा रही है।