बीकानेर. बीकानेर के नोखा थाना इलाके के बंधड़ा गांव में हुए मनीष जांगु हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया कि मनीष की हत्या किसी बाहरी दुश्मनी की वजह से नहीं बल्कि उसकी अपनी पत्नी निकिता ने ही करवाई थी. वह पत्नी के प्रेम अवैध प्रसंग में आड़े आ रहा था. लिहाजा पत्नी ने अपने प्रेमी संग साजिश रचकर उसे रास्ते से हटा दिया.

खास बात यह है कि निकिता का प्रेमी नाबालिग है. वह शादी के कुछ साल में ही पति से ऊब गई और उसने एक नाबालिग संग दिल लगा लिया. पुलिस ने अवैध प्रेम संबंधों की बेल को आगे बढ़ा रहे आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को पकड़ लिया है. उनसे पूछताछ कर केस की कड़ी से कड़ी जोड़ी जा रही है.

पुलिस के मुताबिक हत्या का शिकार हुआ मनीष जांगु (24) नागौर जिले के धुंधवालों की ढाणी अलाय का रहने वाला था. उसकी शादी कुछ साल पहले ही निकिता से हुई थी. लेकिन निकिता जल्दी ही अपने पति से ऊब गई. उसके बाद उसकी एक परिचित नाबालिग से दोस्ती बढ़ गई. यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. बाद में हालात ये हो गए कि उनको मनीष जांगु अपनी राह का रोड़ा लगने लगा. इस पर निकिता ने साजिश रचकर नाबालिग प्रेमी के हाथों अपने पति की हत्या करवा दी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। निकिता के प्यार में डूबे नाबालिग ने आव देखा ना ताव और मनीष घुमाने के बहाने साथ ले गया. बाद में बेहोश कर तार से उसका गला घोंट दिया. निकिता और उसके प्रेमी ने मिलकर कई महीनों पहले हत्या की योजना बनाई थी.

17 अप्रैल को दिया गया था हत्याकांड को अंजाम
पुलिस की जांच में सामने आया कि चार दिन पहले 17 अप्रैल को निकिता के नाबालिग प्रेमी ने मनीष को बहाने से बुलाया. उसके बाद उसे बोलेरो में घुमाने ले गया. उसी दौरान उसने मनीष को गन्ने के जूस पिलाया. लेकिन उसे पिलाने से पहले उसमें सल्फास डाल दिया. गन्ने का जूस पीते ही मनीष बेहोश हो गया. उसके बाद नाबालिग ने साउंड सिस्टम के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपियों ने शव को नोखा इलाके के बंधड़ा गांव के एक सुनसान खेत के तालाब में फेंक दिया. निकिता और उसके प्रेमी दोनों ने ऐसी फुलप्रूफ प्लानिंग बनाई थी कि वह हत्या के इस केस में फंसे नहीं लेकिन ऐसा हो नहीं पाया.

मोबाइल शव से करीब दो किलोमीटर दूर फेंका
दोनों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए मनीष का मोबाइल शव से करीब दो किलोमीटर दूर फेंक दिया ताकि लोकेशन भटकाई जा सके. शव मिलने के बाद पुलिस ने कॉल डिटेल, चैटिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से केस की कड़ी से कड़ी जोड़ ली और दोनों आरोपियों को धरदबोच लिया. एएसपी ग्रामीण बीएल मीणा के नेतृत्व में गठित चार टीमों ने मामले की गहन जांच की थी. सीओ जरनैल सिंह और सीआई अरविंद भारद्वाज सहित अन्य टीमों ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस हत्याकांड का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने नाबालिग प्रेमी को निरुद्ध किया है जबकि उसकी प्रेमिका निकिता को गिरफ्तार कर लिया गया है.