
आज का मौसम 26 मार्च 2026: देश के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। भारत मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान, बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। दो पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने के कारण उत्तर भारत समेत पूर्वोत्तर और मध्य भारत के 22 राज्यों में मौसम बदलने वाला है। हालांकि मौसम विभाग संभावना व्यक्त की है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों तक तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है लेकिन इसके बाद फिर धीरे-धीरे तापमान में गिरावट आएगी।
IMD के अनुसार, 27 मार्च तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में 31 मार्च तक छिटपुट से व्यापक वर्षा की संभावना है।
उत्तर भारत में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर भारत के अलावा पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 25 से 29 मार्च के बीच व्यापक बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है।
मध्य भारत में भीषण आंधी-तूफान का अलर्ट
पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव के कारण छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ के क्षेत्रों में हल्की बारिश और आंधी-तूफान के आसार हैं। दक्षिण भारत के कई राज्यों तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।
तटीय महाराष्ट्र और केरल में 25 से 27 मार्च के दौरान कुछ क्षेत्रों में गर्म और आर्द्र मौसम रहने की संभावना है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से बढ़ रहे तापमान में आज से ब्रेक लगेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 26 मार्च की दोपहर या शाम तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस दौरान राजधानी में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला अब 30 मार्च तक जारी रहेगा। IMD ने 29 और 30 मार्च को बारिश-गरज के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई है।
जानें कल कितना रहेगा आपके शहर का तापमान?






