
Hast Rekha: हस्तरेखा शास्त्र सिर्फ भाग्य, करियर या विवाह तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे व्यक्तित्व का आइना है. हस्तरेखा शास्त्र की मानें तो हमारी हथेली की रेखाएं शारीरिक परिवर्तनों और आने वाली स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति हमें समय रहते सचेत कर देती हैं. स्वास्थ्य को ही सबसे बड़ा धन माना गया है, क्योंकि एक स्वस्थ शरीर ही जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त कर सकता है. हथेली की मस्तिष्क रेखा जिस प्रकार इंसान के दिमाग की शक्तियों को दर्शाता है, उसी तरह हथेली में मौजूद कुछ खास रेखाएं और चिह्न सेहत के राज खोलते हैं. हथेली में मौजूद रेखाओं और विशेष चिह्नों को देखकर यह पता लगाया जा सकता है कि जातक को कौन सी बीमारी परेशान कर सकती है. ऐसे में आइए जानते हैं हथेली की उन रेखाओं और चिह्नों के बारे में, जो स्वास्थ्य को लेकर खास संकेत देते हैं.
त्वचा रोग और पीलिया के संकेत
हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, अगर आपकी स्वास्थ्य रेखा पर स्टार का चिह्न हो या कोई काला धब्बा दिखाई दे, तो इसे शुभ नहीं माना जाता. अगर चंद्रमा पर्वत की स्थिति कमजोर हो और स्वास्थ्य रेखा दोषपूर्ण हो, तो व्यक्ति को पीलिया या शारीरिक कमजोरी घेर सकती है. वहीं, अगर हथेली की त्वचा अत्यंत कोमल हो और नाखून असामान्य रूप से लंबे या गोल हों, तो यह चर्म रोग होने का संकेत देता है.
मानसिक बीमारी के संकेत
मस्तिष्क रेखा हमारी मानसिक क्षमताओं का आइना है. हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, अगर मस्तिष्क रेखा घिसी हुई दिखे या जीवन रेखा पर क्रॉस का निशान हो, तो व्यक्ति मानसिक थकान और नींद की समस्या से जूझ सकता है. इसके अलावा अगर चंद्र पर्वत पर क्रॉस का निशान हो, मध्यमा उंगली टेढ़ी हो और गुरु व शनि पर्वत दबे हुए हों, तो यह मस्तिष्क संबंधी गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है.
हृदय रोग के संकेत
हस्तरेखा शास्त्र के मुताबिक, हृदय रेखा की बनावट से दिल की सेहत का पता लगाया जा सकता है. अगर हृदय रेखा की शुरुआत जंजीरनुमा हो और उससे छोटी-छोटी शाखाएं नीचे की ओर गिर रही हों, तो हृदय संबंधी रोग की संभावना रहती है. इसके अलावा हृदय रेखा पर जौ जैसा निशान या काला तिल होना भी हृदय रोग और बार-बार होने वाले बुखार का सूचक माना जाता है.
पाचन तंत्र से जुड़ी बीमारियों के संकेत
पेट की बीमारियां अक्सर व्यक्ति की जीवनशैली को प्रभावित करती हैं. अगर स्वास्थ्य रेखा टूटी-फूटी या जंजीर के समान लहरदार हो, तो व्यक्ति को पाचन तंत्र और पेट की समस्याओं का सामना करना पड़ता है. इसके अलावा अगर बुध रेखा टूटी-फूटी हो और नाखूनों पर पीलेपन के साथ धब्बे दिखाई देने लगें, तो यह आंतों से जुड़ी बीमारी का संकेत हो सकता है.
फेफड़े और गले से जुड़ी परेशानियां
हथेली के ऊपरी हिस्से और रेखाओं का कनेक्शन श्वसन तंत्र से भी होता है. अगर मस्तिष्क रेखा पर शनि पर्वत (बीच वाली उंगली के नीचे) के पास जंजीर जैसा निशान बना हो, तो व्यक्ति को गले के संक्रमण, अस्थमा या फेफड़ों से संबंधित रोगों के प्रति सावधान रहना चाहिए.




