Sunday, March 15, 2026
Gazab

शादी टूटने से नाराज HIV पॉजिटिव युवक की खौफनाक हरकत, मंगेतर के शरीर में इंजेक्ट किया अपना संक्रमित खून!..

शादी टूटने से नाराज HIV पॉजिटिव युवक की खौफनाक हरकत, मंगेतर के शरीर में इंजेक्ट किया अपना संक्रमित खून!..

हैदराबाद। हैदराबाद के पोछाराम में एक 24 साल के युवक पर आरोप है कि उसने 22 साल की एक युवती को जबरन एचआईवी संक्रमित खून का इंजेक्शन लगा दिया. पुलिस के अनुसार यह घटना 11 मार्च को उस समय हुई, जब युवती के माता-पिता ने युवक के एचआईवी पॉजिटिव पाए जाने के बाद उससे अपनी बेटी की शादी रद्द कर दी थी. न्यूज एजेंसी PTI ने ये जानकारी दी.

दोनों रिश्तेदार थे, पहले तय हुई थी शादी
पुलिस ने बताया कि आरोपी और पीड़िता आपस में रिश्तेदार हैं. पहले युवती के माता-पिता ने अपनी बेटी की शादी उसी युवक से तय की थी. लेकिन युवक के माता-पिता पहले से ही एचआईवी से प्रभावित थे, इसलिए युवती के माता-पिता ने सितंबर पिछले साल युवक की जांच करवाई.

जांच में एचआईवी पॉजिटिव आने पर शादी रद्द
पुलिस अधिकारी के अनुसार जांच में युवक एचआईवी पॉजिटिव पाया गया. इसके बाद युवती के पिता ने अपनी बेटी की शादी उससे रद्द कर दी. पुलिस का कहना है कि इसी वजह से युवक ने यह कदम उठाया, क्योंकि उसे लगा कि अगर युवती भी संक्रमित हो जाएगी तो वह उससे शादी करेगी और हमेशा उसके साथ रहेगी.

जबरन लगाया संक्रमित खून का इंजेक्शन
पुलिस के मुताबिक 11 मार्च को आरोपी युवती के घर पहुंचा और जबरन उसे एचआईवी संक्रमित खून का इंजेक्शन लगा दिया. घटना के बाद युवती के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया.

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
पोछाराम आईटी कॉरिडोर पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की आगे जांच जारी है.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।
me.sumitji@gmail.com

Leave a Reply