
मुरादाबाद। बिलारी बस स्टैंड पर खड़ी बस में बैठी विवाहिता ने अपने पति को पकौड़ी लेने के लिए भेज दिया। इसी बीच विवाहित प्रेमी संग फरार हो गई। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पति जब पकौड़ी लेकर वापस आया तब वह बस से गायब मिली।
अमरोहा के देहात थाना अंतर्गत एक गांव निवासी युवक की शादी चार माह पहले रामपुर जिले के सैफनी अंतर्गत एक गांव निवासी युवती के साथ हुई है। होली का त्योहार अपने मायके में मनाने के लिए विवाहिता होली से एक सप्ताह पहले गई थी।
नौ मार्च की सुबह विवाहिता का पति उसे बुलाने के लिए आया था। दोनों पहले तो बस से सैफनी से बिलारी आए और दोपहर को बिलारी बस स्टैंड पर बिलारी से मुरादाबाद जाने के लिए रोडवेज की एक बस में बैठ गए।
बिलारी बस स्टैंड पर विवाहिता ने अपने पति को पकौड़ी और पानी की बोतल लेने के लिए बस स्टैंड के निकट कैंटीन पर भेज दिया और यह भी कहा कि पकौड़ी अपने सामने गर्म करवाकर तेज सिंकवा कर लाना। युवक जब पकौड़ी लेकर बस में आया तब उसकी पत्नी सीट पर नहीं थी। फोन करने पर उसकी पत्नी का मोबाइल बंद था।
युवक ने बस में बैठे अन्य यात्रियों से पूछा तब वह इतना ही बता पाए कि संबंधित महिला यात्री किसी से मोबाइल फोन पर बात करते हुए बस से नीचे उतर गई। परेशान युवक ने काफी देर तक अपनी पत्नी को इधर-उधर तलाशा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया।
बाद में युवक ने अपने घर और अपनी ससुराल में भी इस घटनाक्रम की सूचना दी। बताया जाता है कि विवाहिता का शादी से पहले ही अपने गांव के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। विवाहिता पति को धोखा देकर अपने प्रेमी संग चली गई है।






