
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। 20 साल पुराने वैवाहिक रिश्ते का अंत इतना खौफनाक होगा, यह किसी ने सोचा भी नहीं था। पत्नी पर अवैध संबंधों के शक ने पति को इस हद तक पहुंचा दिया कि उसने सोती हुई पत्नी पर कुल्हाड़ी और फावड़े से हमला कर उसकी जान ले ली।
नींद में सो रही पत्नी पर किया हमला
घटना 3 मार्च की रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। उस समय घर में पत्नी नीलम देवी और उनके दो बच्चे सो रहे थे। आरोप है कि पति अशोक निषाद ने अचानक कुल्हाड़ी उठाई और सो रही पत्नी पर हमला कर दिया। पहले उसने कुल्हाड़ी से वार किया और फिर पास में रखे फावड़े से नीलम का गला काट दिया।
मां की चीख सुनकर बेटा सूरज कमरे में पहुंचा तो उसने पिता को खून से लथपथ देखा। बताया जा रहा है कि अशोक ने बेटे की ओर भी फावड़ा तान दिया। डर के मारे सूरज घर से भागा और अपने नाना को फोन करके पूरी घटना बताई।
खुद पुलिस को फोन कर दी हत्या की जानकारी
हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद आरोपी अशोक निषाद ने खुद पुलिस को फोन कर कहा,
“मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है, लाश घर में पड़ी है।”
कॉल ट्रेस होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो अशोक घर में ही पत्नी की लाश के पास बैठा मिला। पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया।
मुंबई से लौटने के बाद बढ़ गया था शक
पुलिस जांच में सामने आया कि अशोक और नीलम की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी। अशोक पहले मुंबई में कारपेंटर का काम करता था, लेकिन कुछ साल पहले वह गांव लौट आया था और खेती-पशुपालन करने लगा था।
गांव में रहने के दौरान उसे पत्नी के चरित्र पर शक होने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। बताया जा रहा है कि इसी शक ने आखिरकार इस खौफनाक वारदात को जन्म दिया।
पुलिस ने बरामद किए हत्या में इस्तेमाल हथियार
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और फावड़ा बरामद कर लिया है। बुधवार को पुलिस आरोपी को लेकर घटनास्थल पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम को रीक्रिएट कराया।
महिला के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।




/newsnation/media/media_files/2026/03/10/kirti-azad-disputed-post-on-team-india-visit-temple-after-winning-t20-world-cup-2026-trophy-2026-03-10-16-58-57.jpg?w=272&resize=272,170&ssl=1)