
Govt on LPG Supply : देश में LPG की कमी की अफवाहों के बीच सरकार ने साफ किया है कि घरेलू गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी कोई कमी नहीं है. पेट्रोलियम मंत्रालय ने बताया कि 5 मार्च की तुलना में घरेलू LPG का उत्पादन करीब 30 प्रतिशत बढ़ा दिया गया है, ताकि उपभोक्ताओं को बिना किसी बाधा के गैस मिलती रहे. सरकार के मुताबिक, देश में मौजूद करीब 25 हजार LPG वितरकों में कहीं भी गैस की सप्लाई ड्राई आउट नहीं हुई है. घरेलू रसोई गैस की उपलब्धता बनाए रखने के लिए अतिरिक्त कदम उठाए गए हैं और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त केरोसिन भी रिलीज किया गया है.
पेट्रोलियम मंत्रालय की ज्वाइंट सेक्रेट्री सुजाता शर्मा ने कहा कि लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए और पैनिक बुकिंग से बचना चाहिए. मंत्रालय के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में LPG की बुकिंग में अचानक उछाल आया है. आमतौर पर रोजाना 50 से 55 लाख LPG बुकिंग होती है, लेकिन हाल के दिनों में ये बढ़कर करीब 75 लाख तक पहुंच गई है यानी करीब 20 लाख अतिरिक्त बुकिंग दर्ज की गई हैं, जिसे सरकार ने पैनिक बुकिंग बताया है.
सरकार ने यह भी कहा कि घरेलू PNG और वाहनों के लिए CNG की सप्लाई 100 प्रतिशत जारी है और इसमें किसी तरह की कटौती नहीं की गई है. साथ ही सरकार का दावा है कि देश पेट्रोल और डीजल के मामले में आत्मनिर्भर है. मंत्रालय ने ये भी बताया कि ब्लैक मार्केटिंग और जमाखोरी की शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सरकार ने दोहराया कि देश में घरेलू LPG की सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित और निर्बाध है, इसलिए लोगों को अफवाहों के कारण अनावश्यक गैस बुकिंग नहीं करनी चाहिए.
‘258 मिलियन मीट्रिक टन की रिफाइनिंग क्षमता’
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने कहा कि जहां तक कच्चे तेल की बात है, हमारे पास 258 मिलियन मीट्रिक टन की रिफाइनिंग क्षमता है. हम पेट्रोल और डीजल के प्रोडक्शन में आत्मनिर्भर हैं. इसलिए, भारत में इन ईंधनों को आयात करने की कोई जरूरत नहीं है. हमारी सभी रिफाइनरियां अभी 100% क्षमता या उससे अधिक पर काम कर रही हैं. रिफाइनरियों के पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार है और इसके अलावा आपूर्ति लगातार बनी हुई है. घरेलू उपभोक्ताओं को PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) और CNG (कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस) की आपूर्ति बिना किसी रुकावट या कटौती के सुनिश्चित की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस स्थिति को देखते हुए घबराने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है.






