
Gujarat Crime News: गुजरात में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला देखने को मिला है. सूरत पुलिस ने गुरुवार ( 12 मार्च 2026) को परवेज मंसूरी, उसके भाई की पत्नी शबाना और शबाना के पिता मोहम्मद फिरोज आलम को परवेज की मां की हत्या के आरोप मे गिरफ्तार किया है. महिला का शव सूरत नगर निगम के सड़क सफाई कर्मचारियों द्वारा उसके फ्लैट से लगभग 300 मीटर दूर एक मंदिर के पास पड़ी बोरी में मिला. शव को पोस्टमार्टम के लिए SMIMER अस्पताल भेज दिया गया.
परवेज ने की शव की पहचान
‘इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक पोस्टमार्टम से पता चला कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान थे और उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे. महिला की गला घोंटकर हत्या की गई थी. घटना को लेकर पुलिस ने अमरोली पुलिस स्टेशन से संपर्क किया, जिसमें पता चला कि शव मिलने से 1 दिन पहले गुमशुदा व्यक्ति की शिकायत दर्ज कराई गई थी. अमरोली पुलिस ने परवेज मंसूरी को बुलाया. उसने शव की पहचान अपनी मां हमीदा खातून मंसूरी के रूप में की. पुलिस ने बताया कि मंसूरी परिवार मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है और कुछ साल पहले सूरत में आकर बस गया था. गुमशुदगी की शिकायत में परवेज ने पुलिस को बताया था कि उसकी मां 9 मार्च 2026 को कपड़े खरीदने के लिए घर से निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी.
पुलिस ने की CCTV फुटेज की जांच
पुलिस ने 10 मार्च को गुमशुदा की शिकायत को हत्या के मामले में बदल दिया. हमीदा के घर की तलाशी के दौरान, पुलिस को रस्सी के ऐसे टुकड़े मिले, जो पीड़िता को बांधने के लिए इस्तेमाल की गई रस्सी से मिलते-जुलते थे. इससे घटना में परिवार के सदस्यों के शामिल होने का संदेह पैदा हुआ. पुलिस ने अपार्टमेंट बिल्डिंग से CCTV फुटेज की जांच की, जिसमें एक व्यक्ति को अपने कंधे पर बोरी ले जाते हुए और उसे मंदिर के पास छोड़ते हुए देखा. जांचकर्ताओं ने परवेज, शबाना और उसके पति से अलग-अलग पूछताछ की. पूछताछ के दौरान पुलिस को उनके बयानों में विरोधाभास मिले.
पति के भाई के साथ अवैध संबंध को लेकर झगड़ा
सूरत पुलिस के DCP भावेश रोजिया ने बताया कि उन्होंने हमीदा खातून की हत्या में शामिल होने के आरोप में परवेज मंसूरी और उसके बड़े भाई की पत्नी शबाना को गिरफ्तार किया है. परवेज और शबाना के बीच अवैध संबंध थे, जिसके बारे में हमीदा को पता चल गया था. इसको लेकर वह अक्सर उनसे झगड़ती थी. झगड़े के चलते शबाना ने बिहार में अपने पिता को फोन कर बताया कि उसकी सास उसे प्रताड़ित कर रही है. 9 मार्च 2026 को फिरोज सूरत पहुंचा और उसने परवेज-शबाना के साथ मिलकर हमीदा की हत्या की साजिश रची. पुलिस के मुताबिक10 मार्च को परवेज, शबाना और फिरोज ने हमीदा के हाथ-पैर रस्सियों से बांधे और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. बाद में फिरोज ने शव को बोरी में भरकर अपनी रिहायशी कॉलोनी में स्थित मंदिर के पास फेंक दिया. पूछताछ के दौरान परवेज और शबाना ने खुलासा किया कि उसके पिता पहले ही बिहार के लिए रवाना हो चुके थे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। ट्रेन के पटना रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले ही सूरत पुलिस ने बिहार STF के साथ मिलकर फिरोज को पटना रेलवे स्टेशन पर हिरासत में ले लिया. पुलिस के मुताबिक हमीदा को परवेज और शबाना के अवैध संबंध के बारे में कुछ महने पहले ही पता चला था. शबाना की शादी परवेज के भाई वसीम से हुई थी. उसका एक साल का बेटा भी है.



