
Truecaller New Update: आज के इस डिजिटल दौर में स्कैमर्स का सबसे आसान निशाना बच्चे और बुजुर्ग होते हैं. जरा सोचिए आप किसी दूसरे शहर में ऑफिस में अपना काम कर रहे हैं और आपके बच्चे या माता पिता को कोई जालसाज डिजिटल अरेस्ट या बैंक KYC के नाम पर डराने की कोशिश कर रहा है. आपकी गैर-मौजूदगी में उनके साथ बड़ी ठगी भी हो सकती है. लोगों की इसी समस्या को दूर करने के लिए Truecaller ने एक कमाल का फीचर लाया है.
Truecaller के नए फीचर की सहायता से आप दूसरे शहर से भी अपने घर वालों के फोन पर आने वाले फ्रॉड या संदिग्ध कॉल को खुद ही काट सकेंगे. Truecaller के इस नए फीचर के बाद स्कैमर्स आपके अपनों तक पहुंचने से पहले आपसे टकराएंगे.
कैसे काम करेगा यह फीचर?
Truecaller के इस नए अपडेट के अनुसार परिवार का एक जानकार व्यक्ति ग्रुप का एडमिन बन सकता है. इस ग्रुप में 5 लोगों को शामिल किया जा सकता है. जब भी किसी मेंबर को कोई संदिग्ध या फ्रॉड कॉल आएगी एडमिन को तुरंत इसका अलर्ट मिलेगा. अगर एडमिन को लगता है कि कॉल खतरनाक है तो वह अपने फोन से ही उस कॉल को कॉट सकता है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। फिलहाल कॉल कट करने की सुविधा फिलहाल केवल एंड्रॉइड यूजर्स के लिए ही है. इसके साथ ही एडमिन यह भी देख सकेगा कि मेंबर चल रहा है, गाड़ी चला रहा है या उसका फोन साइलेंट पर तो नहीं है.
Truecaller का यह फीचर सबसे पहले स्वीडन, चिली, मलेशिया और केन्या जैसे देशों में बीते साल दिसंबर में शुरू किया था. शुरुआती सफलता के बाद अब इसे दुनियाभर में रोलआउट किया जा रहा है जिसमें भारत भी शामिल है. कंपनी के मुताबिक इस फीचर का इस्तेमाल फ्री में किया जा सकता है, इसके लिए पेड प्लान की जरूरत नहीं होगी.
प्राइवेसी का रखा गया है ख्याल
Truecaller के इस नए अपडेट को लेकर कंपनी के चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर कुणाल दुआ का कहना है कि सेफ्टी के साथ-साथ प्राइवेसी का भी पूरा ख्याल रखा गया है. एडमिन केवल स्पैम कॉल्स के अलर्ट देख सकेंगे, वह परिवार के सदस्यों की पर्सनल कॉल हिस्ट्री या उनके SMS तक नहीं पहुंच सकेंगे.
AI से और भी सुरक्षित होगा भविष्य
कंपनी आने वाले समय में AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल कर डिजिटल अरेस्ट जैसे कीवर्ड्स को पहचानने पर काम कर रही है. इससे स्कैम कॉल आते ही सिस्टम खुद-ब-खुद उसे ब्लॉक या डिस्कनेक्ट कर देगा.






