
काव्या मारन और उनकी टीम सनराइजर्स लीड्स इस वक्त चर्चा में है. द हंड्रेड के छठे सीजन के लिए 12 मार्च की रात हुई नीलामी में लिए गए एक फैसले से टीम को बड़ा झटका लगा है. जैसे ही टीम ने नीलामी में पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को खरीदा, तो भारत में इस फैसले का विरोध शुरू हो गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। भारतीय फैंस ने इसे राष्ट्रीय भावनाओं के खिलाफ बताया और काव्या मारन को जमकर ट्रोल किया. अब खबर आई है कि फ्रेंचाइजी का ऑफिशियल X अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया है.
अकाउंट को सस्पेंड करने की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई गई है, लेकिन इसे फैंस के भारी गुस्से और आक्रोश से जोड़कर देखा जा रहा है. नीलामी के दौरान 12 मार्च की रात 8:30 बजे सनराइजर्स ने अपनी टीम में अबरार अहमद को चुना और रात 2:00 बजे तक उनका ट्विटर अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया. जब भी कोई अकाउंट खोलने की कोशिश कर रहा है, तो एक मैसेज दिखाई देता है कि अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया है.
द हंड्रेड इंग्लैंड की फेमस क्रिकेट लीग है, जिसके हर मैच में 100 बॉल होती हैं. अगले सीजन की नीलामी के लिए पाकिस्तान से कुल 14 नाम थे, जिनमें से सिर्फ 2 पाकिस्तानी खिलाड़ी बिके हैं. पहला नाम अबरार अहमद का है, दूसरा उस्मान तारिक का. नीलामी में काव्या मारन की टीम ने अबरार को करीब ₹2.12 करोड़ (255,000 USD) में खरीदा है.
जैसे ही नीलामी की खबर फैली, तो सोशल मीडिया पर #BoycottSunrisers ट्रेंड करने लगा. फैंस का यह मानना है कि जब पाकिस्तान के साथ क्रिकेट संबंध सामान्य नहीं हैं, तो भारतीय पैसा पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर खर्च करना गलत है.
किसकी सलाह पर खरीदे गए अबरार अहमद?
बताया जा रहा है कि कोच डैनियल विटोरी की सलाह पर काव्या मारन ने अबरार पर दांव खेल दिया. बवाल मचने के बाद डैनियल विटोरी ने बताया कि उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से फीडबैक लेने के बाद अबरार को चुना. टीम के अंदर इस बात पर कोई मीटिंग नहीं हुई थी कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लेना है या नहीं.
पिछले साल ही सन ग्रुप ने खरीदी थी सनराइजर्स लीड्स टीम
भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के कारण आईपीएल फ्रेंचाइजियां किसी भी लीग में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नहीं खरीदतीं. यह सिलसिला 2009 से चला आ रहा था, लेकिन सनराइजर्स लीड्स के इस फैसले से यह सिलसिला टूट गया. यह पहला मौका है जब सनराइजर्स की सिस्टर फ्रेंचाइजी ने पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदा है.
सनराइजर्स लीड्स फ्रेंचाइजी चेन्नई की मीडिया कंपनी सन ग्रुप की है. सन ग्रुप ने इस टीम को पिछले साल खरीदा था. ग्रुप ने पिछले साल नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स में पहले 49% हिस्सेदारी ECB से और बाकी 51% यॉर्कशायर काउंटी क्लब से करीब 10 करोड़ पाउंड में खरीदी थी. इसके बाद टीम का नाम बदलकर सनराइजर्स लीड्स रखा गया था. यह वही सन ग्रुप है, जिसकी टीम IPL में सनराइजर्स हैदराबाद है और SA20 में सनराइजर्स ईस्टर्न केप है.




