
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग लड़के ने अपनी ही चाची की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि 17 वर्षीय भतीजे ने घर के बेडरूम में घुसकर अपनी चाची पूजा त्यागी की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई और पूरे गांव में इस घटना से दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक यह घटना हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव की है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। गुरुवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे 32 वर्षीय पूजा त्यागी अपने कमरे में आराम कर रही थीं। उसी दौरान उनका 17 साल का भतीजा कमरे में पहुंचा और अचानक उन पर तमंचा तान दिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने कनपटी पर सटाकर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर घर के लोग कमरे की ओर दौड़े, लेकिन तब तक पूजा खून से लथपथ जमीन पर गिर चुकी थीं और आरोपी लड़का वहां से भाग चुका था।
बताया जा रहा है कि पूजा त्यागी की शादी करीब चार साल पहले धर्मेंद्र से हुई थी और उनका छह महीने का एक छोटा बच्चा भी है। परिवार के लोग संयुक्त रूप से एक ही घर में रहते थे। आरोपी का पिता देवेंद्र सेना में तैनात है और वह कुछ दिन पहले ही ड्यूटी पर वापस गया था। परिवार के अंदर पिछले कुछ समय से आपसी मनमुटाव और विवाद की स्थिति भी बनी हुई थी।
घटना के कुछ देर बाद आरोपी लड़का खुद मवाना थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि घर में अक्सर झगड़े और क्लेश होते रहते थे, जिससे वह काफी परेशान रहता था। इसी गुस्से में आकर उसने यह कदम उठा लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया है। फिलहाल यह भी जांच की जा रही है कि नाबालिग के पास हथियार कहां से आया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।




