Thursday, March 12, 2026
Gazab

युद्ध के साये में डूबा शेयर बाजार, चारों ओर तबाही ही तबाही-सबकुछ लाल ही लाल!..

युद्ध के साये में डूबा शेयर बाजार, चारों ओर तबाही ही तबाही-सबकुछ लाल ही लाल!..

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और गहराते युद्ध के बादलों ने गुरुवार सुबह-सुबह भारतीय शेयर बाजार को हिलाकर रख दिया है। सेंसेक्स और निफ्टी 50 बुरी तरह लुढ़क गए। सेंसेक्स में जहां 900 अंक से ज्यादा की गिरावट आई तो वहीं निफ्टी 50 भी 300 अंक गिर गया। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने निवेशकों के सेंटिमेंट को बुरी तरह प्रभावित किया है। बुधवार को भी सेंसेक्स 1300 अंक से ज्यादा लुढ़का था।

गुरुवार को सेंसेक्स 494 अंकों की गिरावट के साथ खुला। कुछ ही देर में इसमें 992 अंक तक की गिरावट आ गई। सुबह 9:30 बजे सेंसेक्स 823.30 अंकों की गिरावट के साथ 76,040.41 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 50 गुरुवार को 192 अंकों की गिरावट के साथ खुला था। शुरुआती आधे घंटे में यह 310 अंक गिर गया। 9:30 बजे निफ्टी 271.20 अंकों की गिरावट के साथ 23,595.65 अंकों पर कारोबार कर रहा था।

गिरावट के मुख्य कारण
अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के संकेत नहीं दिख रहे हैं। इससे वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बनी हुई है।
कच्चे तेल में तेजी बनी हुई है। ब्रेंट क्रूड एक बार फिर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार चला गया है।
विदेशी निवेशकों की भारी बिकवाली जारी है। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने बुधवार को 6,267 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

क्या खरीदारी का सही मौका?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार डॉ. वीके विजयकुमार ने कहा कि बाहरी दबावों ने बाजार को ‘वीक जोन’ में धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक युद्ध और तेल की कीमतों में स्थिरता नहीं आती, यह कमजोरी बनी रह सकती है।

निवेशकों के लिए यह धैर्य रखने का समय है। भू-राजनीतिक संकट खत्म होने के बाद बाजार तेजी से रिकवरी करते हैं। एक्सपर्ट के मुताबिक बाजार की इस गिरावट का उपयोग अच्छी गुणवत्ता वाले ब्लूचचिप शेयरों को धीरे-धीरे खरीदने के लिए करें। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अपने पोर्टफोलियो को मजबूत और हाई-क्वालिटी स्टॉक्स की खरीदारी करें।

एक दिन पहले भी आई थी गिरावट
शेयर मार्केट में कल यानी बुधवार को भी बड़ी गिरावट आई थी। बीएसई सेंसेक्स 1342.27 अंक यानी 1.72 फीसदी गिरावट के साथ 76,863.71 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स भी 394.75अंक फिसलकर 23,866.85 अंक पर आ गया था। इस गिरावट से निवेशकों को करीब 6 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 441 लाख करोड़ रुपये रह गया था।

me.sumitji@gmail.com

Leave a Reply