
जींद: हरियाणा के जींद जिले के सफीदों में शनिवार को होली के रंग बनाने वाली एक फैक्टरी में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। फैक्टरी में काम कर रहे मजदूरों के लिए आग उस समय और खतरनाक बन गई, जब पता चला कि बाहर से गेट पर ताला लगा हुआ था। आग फैलने के बाद कई मजदूर बाहर नहीं निकल पाए और चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में पांच महिलाओं की झुलसकर मौत हो गई, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
छत से कूदे मजदूर तो बची जान
मजदूरों के मुताबिक, हादसे के समय फैक्टरी में करीब 30 लोग काम कर रहे थे। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अचानक आग भड़कने के बाद जब सभी बाहर भागने लगे तो गेट बंद मिला। बाहर से ताला लगा होने के कारण कोई भी मजदूर तुरंत बाहर नहीं निकल सका। जान बचाने के लिए कुछ मजदूरों ने हिम्मत जुटाई और छत से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
कई घंटों बाद आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग में झुलसे मजदूरों को दो एंबुलेंस की मदद से जींद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। पहली एंबुलेंस से तीन घायलों को अस्पताल लाया गया, जिनमें सफीदों निवासी रानी (45) पत्नी अनिल कुमार, जगबीर (40) पुत्र चंद्रभान निवासी आदर्श कॉलोनी और पवन कुमार (30) पुत्र बालवीर निवासी निसंग, जिला करनाल शामिल हैं। जगबीर और पवन कुमार का अस्पताल में इलाज जारी है।
इनका चल रहा उपचार
इसके अलावा सफीदों की कश्मीरी (39) पत्नी लाभ सिंह निवासी शिव कॉलोनी और कमलेश (54) पत्नी रमेश निवासी गीता कॉलोनी को भी झुलसी हालत में नागरिक अस्पताल जींद लाया गया। वहीं बिमला (60) पत्नी सत कुमार निवासी सफीदों को भी उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
16 महिलों और दो पुरुषों को जली हालत में निकाला गया
फैक्टरी से कुल 16 महिलाओं और दो पुरुषों को जली हालत में बाहर निकाला गया। इनमें से पांच महिलाओं की मौत हो चुकी है। मृतकों की पहचान पूजा (वार्ड नंबर 13, सफीदों), उषा पत्नी जगदीश (आदर्श कॉलोनी), पिंकी पत्नी बाबू (सिंघपुरा) और गुड्डी निवासी सफीदों के रूप में हुई है, जबकि एक महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने सफीदों में सड़क जाम करने की चेतावनी दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे डीसी और एसपी ने परिजनों को उचित कार्रवाई और मुआवजे का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।





