
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में रविवार दोपहर एक इमाम पर हुए जानलेवा हमले के बाद इलाके में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। घटना थाना सिविल लाइन क्षेत्र के सरवट कजियान मोहल्ले की है, जहाँ नमाज पढ़ाकर लौट रहे 28 वर्षीय इमाम अब्दुल वहाब पर आधा दर्जन युवकों ने क्रिकेट बैट, हॉकी स्टिक और पत्थरों से हमला कर उन्हें मरणासन्न कर दिया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर इमाम अब्दुल वहाब पीर वाली मस्जिद में नमाज पढ़ाकर वापस लौट रहे थे। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसी दौरान मोहल्ले के ही दूसरे पक्ष के करीब आधा दर्जन युवकों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने बिना किसी उकसावे के इमाम पर लाठी-डंडों और क्रिकेट बैट से वार करना शुरू कर दिया। जब इमाम ने बचाव की कोशिश की, तो आरोपियों ने ईंट-पत्थरों और धारदार हथियारों से उन पर हमला बोल दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर
वारदात को अंजाम देकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर इकट्ठा हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल इमाम को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद सरवट कजियान मोहल्ले में तनाव व्याप्त हो गया, जिसे देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी है। पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है।
थाना सिविल लाइन पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दावा किया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

