
नई दिल्ली: केंद्र सरकार के एक करोड़ से ज्यादा कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए आठवें वेतन आयोग (8th Pay Commission) से जुड़ी एक अत्यंत महत्वपूर्ण खबर आई है। वेतन आयोग ने अपनी सिफारिशें तैयार करने के लिए परामर्श की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत कर्मचारी संगठनों, व्यक्तिगत कर्मचारियों और आम नागरिकों से वेतन, भत्तों और अन्य सुविधाओं में सुधार के लिए सुझाव मांगे गए हैं।
सुझाव जमा करने की खिड़की 5 मार्च 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक खुली रहेगी। आयोग इन्हीं फीडबैक के आधार पर अपनी अंतिम रिपोर्ट तैयार करेगा, जो सीधे तौर पर केंद्रीय कर्मचारियों की भविष्य की सैलरी और पेंशन को प्रभावित करेगी।
सिर्फ ऑनलाइन ही मान्य होंगे सुझाव
आयोग ने इस बार की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया है। आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार:
सभी सुझाव और मेमोरेंडम केवल आयोग के निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
कागजी दस्तावेज, हाथ से लिखे पत्र, ईमेल या सीधे भेजी गई पीडीएफ फाइलों पर विचार नहीं किया जाएगा।
इसका उद्देश्य लाखों की संख्या में आने वाले डेटा को व्यवस्थित तरीके से प्रोसेस करना है।
इन दो पोर्टल पर दे सकते हैं सुझाव
कर्मचारी, पेंशनर, कर्मचारी संघ, संस्थान और अन्य इच्छुक व्यक्ति अपने सुझाव ऑनलाइन माध्यम से भेज सकते हैं। इसके लिए दो प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराए गए हैं- 8CPC की आधिकारिक वेबसाइट (https://8cpc.gov.in) और MyGov पोर्टल (innovateindia.mygov.in)। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इन दोनों पोर्टल पर सुझाव भेजने के लिए एक तय फॉर्मेट दिया गया है, ताकि सभी जरूरी जानकारी सही तरीके से जमा हो सके।- डॉ. मंजीत सिंह पटेल, राष्ट्रीय अध्यक्ष, AINPEF
18 महीने में आएगी रिपोर्ट
केंद्र सरकार ने 3 नवंबर 2025 को आठवें वेतन आयोग का गठन किया था। आयोग के पास अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के लिए लगभग 18 महीने का समय है। हालांकि, चर्चा यह भी है कि यदि कुछ मुद्दों पर तत्काल निर्णय की आवश्यकता हुई, तो आयोग अंतिम रिपोर्ट से पहले ‘अंतरिम रिपोर्ट’ भी पेश कर सकता है, जिससे कर्मचारियों को समय से पहले कुछ राहत मिल सकती है।
कर्मचारी संगठनों की चिंता
भले ही ऑनलाइन प्रक्रिया आधुनिक लग रही हो, लेकिन कर्मचारी संगठनों ने इसे लेकर कुछ चुनौतियां भी गिनाई हैं। ऑल इंडिया एनपीएस इंप्लॉईज फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मंजीत सिंह पटेल ने इस प्रक्रिया को लेकर आगाह किया है।
अगर लाखों लोग अपने सुझाव भेजेंगे, तो उनका अध्ययन करना आयोग के लिए बहुत बड़ा चैलेंज होगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से डेटा फिल्टर तो किया जा सकता है, लेकिन डर यह है कि कहीं इस मशीनी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण मुद्दों की गंभीरता और उनका समाधान उपेक्षित न हो जाए। – डॉ. मंजीत सिंह पटेल, राष्ट्रीय अध्यक्ष, AINPEF
संगठन ने मांग की है कि ऑनलाइन पोर्टल के साथ-साथ आयोग केंद्र और केंद्र शासित प्रदेशों के संगठनों के साथ ‘ऑफलाइन मीटिंग’ भी करे, ताकि जटिल मुद्दों पर आमने-सामने विस्तृत चर्चा हो सके।
क्यों है यह महत्वपूर्ण?
आमतौर पर हर 10 साल में एक बार वेतन आयोग का गठन किया जाता है। इसका मुख्य कार्य निम्नलिखित पहलुओं की समीक्षा करना होता है:
सैलरी स्ट्रक्चर: न्यूनतम और अधिकतम वेतन का निर्धारण।
महंगाई का प्रभाव: बदलती आर्थिक स्थितियों के अनुसार भत्तों का समायोजन।
पेंशन और रिटायरमेंट: सेवा-निवृत्त कर्मचारियों के लाभों की समीक्षा।
सेवा शर्तें: कार्य घंटों और अन्य सुविधाओं का मूल्यांकन।



