
पाकिस्तान यूनिवर्सिटी के रमजान नोटिफिकेशन को लेकर इंटरनेट पर लोग मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स ने तो इसे प्रेमी जोड़ों के लिए अच्छा मौका तक बता रहे हैं।
पाकिस्तान की एक यूनिवर्सिटी इन दिनों खूब ट्रोल हो रही है। इसकी वजह है यूनिवर्सिटी का अजब-गजब फरमान। हाल ही में इस यूनिवर्सिटी ने रमजान के लिए एक अनोखा नोटिस जारी किया है जिसे लेकर लोग इसका खूब मजाक उड़ा रहे हैं। नए नियमों के मुताबिक कैंपस में किसी भी लड़के और लड़की को अगर साथ खड़ा भी देखा गया तो उनका निकाह करवा देने की बात कही गई है। इसे देखकर लोग अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं।
पाकिस्तान के कुछ स्टूडेंट्स ने एक मजेदार रील बनाकर बताया कि कैसे नोटिस में लड़के और लड़कियों को कैंपस के अंदर एक साथ खड़े होने से मना किया गया है। वीडियो में हमदर्द यूनिवर्सिटी द्वारा पब्लिश किए गए एक कथित नोटिस का स्क्रीनशॉट दिखाया गया है। नोटिस में लिखा है, “प्रिय स्टूडेंट्स, यह सूचित किया जाता है कि रमजान के पवित्र महीने के दौरान, कपल्स (लड़का और लड़की) का एक साथ खड़ा होना सख्त मना है।”
नोटिस में और क्या?
इसमें आगे लिखा था, “अगर कोई कपल एक साथ खड़ा पाया जाता है तो उनका निकाह तुरंत करवा दिया जाएगा।” नोटिस में यह भी कहा गया, “स्टूडेंट्स को सलाह दी जाती है कि वे यूनिवर्सिटी की पवित्रता का सम्मान करें और बेवजह नजदीकी बनाने से बचें। नियम तोड़ने पर कपल अपने वलीमा का इंतजाम खुद करेंगे।” हालांकि कई लोग यह भी कह रहे हैं कि यह नोटिस फर्जी है और यूनिवर्सिटी ने ऐसा कोई नोटिस जारी नहीं किया है। लाइव हिन्दुस्तान नोटिस के प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं कर सका।
लोग दे रहे मजेदार रिएक्शन
इंटरनेट पर यह खबर तेजी से वायरल हो यही है। लोग पूछ रहे हैं कि यह चेतावनी है या कपल्स के लिए एक अच्छा मौका। एक यूजर ने मजाक उड़ाते हुए कहा, “रिश्ता करवाने का तरीका थोड़ा कैज़ुअल है।” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “मैं पक्का अपने क्रश के बगल में खड़ा होता।” एक यूजर ने मजे लेने के लिए लिखा, “जिनके घर वाले नहीं मान रहे अभी मौका है। जाकर खड़े हो जाओ।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “यह कौन सी यूनिवर्सिटी है? मुझे एडमिशन लेना है।”
ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।




