Dial 112 Misuse : सोनभद्र के दुद्धी क्षेत्र में एक व्यक्ति नशे में रोज डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घर छोड़ने के लिए बुला रहा था। पुलिस ने अब उसे कड़ी चेतावनी देते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही है।

Dial 112 Emergency Service Abuse : उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के दुधी क्षेत्र से इमरजेंसी सेवा के दुरुपयोग का एक अजीब मामला सामने आया है। यहां काशीराम आवास का रहने वाला एक व्यक्ति रोजाना नशे की हालत में डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाता है। पुलिस के पहुंचने पर वह उनसे अपने घर छोड़ने की जिद करता है। इस हरकत से पीआरवी टीम भी परेशान हो चुकी है।
रोजाना नशे में 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाता शख्स
सूचना मिलते ही पुलिस टीम हर बार मौके पर पहुंचती है, लेकिन वहां कोई आपात स्थिति नहीं मिलती। आरोपी व्यक्ति सिर्फ निजी सुविधा के लिए पुलिस को बुलाता है। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाया कि डायल 112 सेवा केवल अपराध, दुर्घटना या सार्वजनिक सुरक्षा जैसे गंभीर मामलों के लिए है, न कि निजी जरूरतों के लिए। फर्जी या बेवजह कॉल करने से असली जरूरतमंदों तक मदद पहुंचने में देरी हो सकती है, जिससे जान-माल का खतरा बढ़ सकता है।
पुलिस ने व्यक्ति को सख्त चेतावनी दी
अब पुलिस ने इस व्यक्ति को सख्त चेतावनी दी है कि अगर भविष्य में उसने ऐसी हरकत दोहराई तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आपात सेवाओं के दुरुपयोग को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि डायल 112 का इस्तेमाल केवल वास्तविक आपात स्थिति में ही करें, ताकि जरूरतमंदों को समय पर मदद मिल सके।






