
बक्सर: बिहार के बक्सर जिले में एक शादी समारोह के दौरान दुल्हन को गोली मार दी गई। दुल्हन को फिल्मी अंदाज में उसके प्रेमी ने जयमाला से पहले गोली मार दी। गोली लगते ही दुल्हन स्टेज पर गिर पड़ी। बताया जाता है कि दुल्हन को गंभीर हालात में निकट के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। इसके बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद हड़कंप मच गया।
घटना का वीडियो सामने आया है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि जयमाला के समय आशिक भीड़ में शामिल हो गया था और मौका देखते ही गोली चला दी। इसके बाद दुल्हन स्टेज पर ही गिर गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा नगर पंचायत की है। बताया जाता है कि मंगलवार की रात एक शादी समारोह चल रहा था। जयमाल के लिए दुल्हन स्टेज पर पहुंच गई। लोग जयमाला होने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक स्टेज के पास आया और शर्ट के नीचे से पिस्टल निकाली और दुल्हन पर गोली चला दी। गोली मारने वाला आरोपी कथित प्रेमी बताया जा रहा है। गोली लगते ही दुल्हन लहूलुहान होकर स्टेज पर गिर पड़ी। वहीं बाराती और ग्रामीण जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।
बलिया जिले से आई थी बारात
बताया जाता है कि उत्तर प्रदेश के बलिया जिले सुलेमनपुर गांव से बारात बक्सर जिले के चौसा पंचायत के मल्लाह टोला आई थी। यहां नंद जी मल्लाह की बेटी आरती कुमारी की शादी हो रही थी। पूरे विधि-विधान के साथ विवाह की रस्में चल रही थीं। जयमाल कार्यक्रम के लिए जैसे ही दुल्हन मंच पर पहुंची, तभी पड़ोस में रहने वाला एक युवक दीनबंधु अचानक मंच पर चढ़ आया। किसी को कुछ समझ में आता, इससे पहले ही उसने दुल्हन पर गोली चला दी। गोली आरती के पेट में लगी और वो गिर पड़ी।
‘आरती को गोली मार दी’ चिल्लाने लगी लड़कियां
दुल्हन के साथ मंच पर मौजूद लड़कियां जोर से चिल्लाने लगी- ‘आरती को गोली मार दी.. आरती को गोली मार दी।’ लोग आरोपी को पकड़ पाते, उससे पहले ही आरोपी फायरिंग करते हुए फरार हो गया। घायल आरती को बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। वाराणसी ले जाते समय आरती की मौत हो गई। गांव वालों का कहना है कि दीनबंधु दो साल से आरती से प्यार करता था। आरोपी दीनबंधु (पिता रमाशंकर चौधरी) का मकान, लड़की आरती के घर के पास ही है।
क्या कहना है पुलिस का?
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पहली नजर में मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तार की जाएगी। इसके लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।






