
Monkey Kitten Compassion : उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से एक ऐसा दृश्य सामने आया है, जिसने लोगों को भावुक भी किया है और चिंतित भी। नगर क्षेत्र के निजामुद्दीनपुरा मोहल्ले में एक बंदर को बिल्ली के छोटे बच्चे को अपने सीने से लगाए छतों पर घूमते देखा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बंदर बिल्ली के बच्चे को इस तरह पकड़े हुए था मानो वह उसकी अपनी संतान हो। देखते ही देखते यह नजारा पूरे मोहल्ले में चर्चा का विषय बन गया और किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
बंदर बिल्ली के बच्चे को सीने से लगाए दिखा
जानकारी के अनुसार, यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत बताई जा रही है। वीडियो में बंदर छत से छत पर कूदता दिखाई देता है और बिल्ली का बच्चा उसके सीने से चिपका रहता है। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि बिल्ली का बच्चा भूख और प्यास के कारण आवाज कर रहा था, जिससे लोगों को उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता होने लगी।
वहीं कुछ लोग इसे जानवरों के बीच ममता और करुणा का अनोखा उदाहरण भी मान रहे हैं। इस दृश्य ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया कि संवेदनाएं केवल इंसानों तक सीमित नहीं हैं।
बिल्ली के बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू करने की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर #SaveAnimals जैसे हैशटैग के साथ जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों को टैग कर बिल्ली के बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू की मांग की जा रही है।
कई यूजर्स ने प्रशासन से अपील की है कि समय रहते हस्तक्षेप किया जाए ताकि किसी तरह का नुकसान न हो। फिलहाल यह मामला ऑनलाइन चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग उम्मीद कर रहे हैं कि प्रशासन जल्द ही उचित कदम उठाएगा।
ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।





