
तेलंगाना के हैदराबाद से रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां अंबरपेट इलाके में मशहूर लैंडमार्क होटल के मालिक रामराज, उनकी पत्नी और बेटे ने सामूहिक आत्महत्या कर ली है. पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट और वसीयत बरामद हुई है, जिसमें रामराज ने मौत की वजह आर्थिक तंगी को बताया है. हैरान करने वाली बात यह है कि रामराज ने अपनी वसीयत में अपनी पूरी संपत्ति अपनी बेटी अमूल्या के नाम करने का जिक्र किया है.
यह हृदयविदारक घटना मंगलवार को अंबरपेट स्थित उनके आवास पर हुई. जब काफी समय तक घर का दरवाजा नहीं खुला और कोई हलचल नहीं हुई, तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां रामराज (55), उनकी पत्नी माधवी (50) और बेटे शशांक (24) के शव बरामद हुए.
सुसाइड नोट और वसीयत के चौंकाने वाले दावे
पुलिस जांच में सामने आया है कि रामराज ने मरने से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें उन्होंने गंभीर आर्थिक संकट का उल्लेख किया है. इसके साथ ही उन्होंने अपनी वसीयत भी तैयार की थी, जिसमें स्पष्ट रूप से लिखा है कि उनकी तमाम चल-अचल संपत्ति उनकी बेटी अमूल्या को दी जाए, जो वर्तमान में कोमपल्ली में रहती है.
परिजनों ने दावों को नकारा
एक तरफ जहा सुसाइड नोट आर्थिक तंगी की बात कह रहा है, वहीं रामराज के भाई ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है. उनके अनुसार, परिवार पूरी तरह संपन्न था और उनके पास धन की कोई कमी नहीं थी. भाई के इस बयान ने मामले को और उलझा दिया है कि आखिर आत्महत्या का असली कारण क्या है.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
तुंगा नगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस अब इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि क्या वाकई परिवार कर्ज में डूबा था या आत्महत्या के पीछे कोई अन्य निजी या पारिवारिक कारण छिपा है. फिलहाल संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है.





