
देश की राजधानी दिल्ली में अब गर्मी ने धीरे-धीरे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. दोपहर के समय तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है, जबकि सुबह और रात में अब भी हल्की ठंडक का एहसास बना हुआ है. मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले सात दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. गुरुवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार, पूरे उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों में भी इस सप्ताह अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं मध्य और पूर्वी भारत में अगले चार दिनों के दौरान तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा.
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
देश के दक्षिणी और तटीय क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। 25 फरवरी को अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. 25 से 26 फरवरी के बीच छत्तीसगढ़, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भी हल्की वर्षा हो सकती है.
इसके अलावा 27-28 फरवरी को जम्मू‑कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है. इधर, घने कोहरे को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है. 25 फरवरी तक पंजाब और ओडिशा के कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.
राजस्थान का कैसा है मौसम?
राजस्थान में दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. बीते 24 घंटे में बाड़मेर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान सिरोही में 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई, जिसमें दौसा में सर्वाधिक 10 मिलीमीटर वर्षा हुई. आगामी एक सप्ताह के दौरान राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने तथा तापमान में दो-तीन डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है.
पूर्वी भारत में भी मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है. पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में लगभग तीन महीने बाद हल्की बारिश दर्ज की गई. कोलकाता और आसपास के जिलों में नवंबर के बाद पहली बार वर्षा हुई है. उत्तर 24 परगना के बैरकपुर में 19 मिमी और हावड़ा के उलुबेरिया में 14.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि कोलकाता में 5.9 मिमी बारिश हुई.
आईएमडी के अनुसार, पश्चिम बंगाल में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है. वहीं दार्जिलिंग मंगलवार को राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.




