
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव के पास एक अनियंत्रित स्कूली बस ने बाइक सवार दो किशोरों को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है.
मृतक की पहचान बेटाबर खुर्द निवासी 15 वर्षीय संदीप कुशवाहा के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों किशोर उछलकर सड़क किनारे जा गिरे. सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने तत्काल दोनों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया. वहीं, चकमेदनी निवासी 16 वर्षीय मान सिंह का इलाज गंभीर अवस्था में चल रहा है.
‘पढ़-लिखकर बड़ा आदमी बनना चाहता था बेटा’
संदीप अपने पिता सुखदेव सिंह कुशवाहा का इकलौता और सबसे बड़ा बेटा था. उसकी दो छोटी बहनें, अंजली और प्रतिमा हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां सोनी देवी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बिलखते हुए पिता ने बताया- मेरा बेटा संदीप पढ़ाई में बहुत तेज था. वो हमेशा कहता था कि पढ़-लिखकर बड़ा आदमी बनूंगा. आज उसके सारे सपने अधूरे रह गए.
परिजनों के अनुसार, सोमवार को हाईस्कूल की परीक्षा का तीसरा दिन था. पहले दो दिन संदीप साइकिल से परीक्षा देने गया था, लेकिन सोमवार को वह अपने दोस्त के साथ बाइक से निकला था. उसे क्या पता था कि घर से चंद दूरी पर मौत उसका इंतजार कर रही है.
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद आरोपी बस चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कूली बस को कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है.




