
Gold-Silver Rate Prediction: जैसे ही अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने टैरिफ पर ट्रंप प्रशासन को झटका देते हुए उसे अवैध करार दिया, आम लोगों के मन में सवाल उठने लगे कि अब सोने-चांदी का क्या होगा ? गोल्ड-सिल्वर, जिसमें बीते दो हफ्तों से गिरावट देखने को मिल रही थी, अब अमेरिका में जारी उथल-पुथल का उसपर क्या असर दिखेगा ? क्या अमेरिकी कोर्ट के टैरिफ पर दिए गए फैसले के बाद सोने-चांदी की कीमतें बढ़ जाएंगी ? क्या सोना एक बार फिर से अपने ऑल टाइम हाई मूल्य (1.93 लाख/10 ग्राम) को पार कर आम लोगों की पहुंच से दूर हो जाएगा ? इन तमाम सवालों के जवाब एक्सपर्ट्स से समझने की कोशिश करते हैं.
अमेरिकी कोर्ट के फैसले के बाद सोने-चांदी में क्या हुआ ?
सोने-चांदी के दाम फिर से बढ़ने लगे हैं. बीते दो दिनों से अमेरिका में जो कुछ हो रहा है उसने सोने-चांदी के दामों में तेज उछाल ला दिया है. गोल्ड-सिल्वर की कीमतों के लिए अमेरिका एक बड़ा फैक्टर बनता जा रहा है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। जो हालात दिख रहे हैं, उसमें आने वाले दिनों में कीमतों में बड़ी तेजी की उम्मीद है. ये तेजी कहां जाकर रुकने वाली है, इसके बारे में फिलहाल कहा नहीं जा सकता है. अगर सोने-चांदी का स्वभाव देखें तो उन्हें अस्थिरता पसंद आती है. जियो पॉलिटिक्स टेंशन के साथ सेफ हैवन की मांग की वजह से सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल आता है. इस बार भी वही स्थिति बनी है.
सोने-चांदी के दाम में नई उड़ान , कितना हुआ महंगा ?
बीते 24 घंटे की ही बात करें तो सोने की कीमत में 2300 रुपये से ज्यादा की तेजी आई. चांदी 8000 रुपये से ज्यादा उछल चुकी है. 22 फरवरी 2026 की कीमत देखें तो MCX पर 10 ग्राम सोने का भाव 1.59 लाख/10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है. 24 कैरेट से लेकर 18 कैरेट तक प्रति ग्राम सोने की कीमतों पर नजर डाले तो कुछ इस तरह से है. इसमें GST, TCS और मेकिंग चार्ज भी जुड़ेंगे. यानी सोने की कीमत में एक दिन में करीब 1.2% की बढ़त देखने को मिली है.
– 24 कैरेट वाले सोने की कीमत आज 15943 रुपये प्रति ग्राम
– 22 कैरेट वाला सोना 14615 रुपये प्रति ग्राम
– 18 कैरेट वाला सोना 11961 रुपया प्रति ग्राम पर है.
क्या सोने-चांदी अभी और महंगे होंगे ?
गोल्ड-सिल्वर मामलों के जानकार विपुल अग्रवाल ने Zee न्यूज के साथ बात करते हुए कहा कि सोने-चांदी अभी तेवर दिखाने वाले हैं. जिस तरह से अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने डोनाल्ड ट्रंप को टैरिफ के मसले पर झटका दिया है, वैश्विक तौर पर भारी अस्थिरता की स्थिति बन रही है. अमेरिका से हर दिन नए अपडेट्स आ रहे हैं. ट्रंप का स्वभाव सब जानते हैं, वो कब क्या करेंगे किसी को पता नहीं. ऐसे में असमंजस की स्थिति के चलते सोने की कीमतों में तेजी बने रहने की उम्मीद है. विपुल अग्रवाल की माने तो सोना अभी और महंगा हो सकता है.
वहीं अर्थशास्त्री शरद कोहली की माने तो सोने-चांदी अस्थिरता पसंद है. जिस तरह से जियो पॉलिटिक्स की कंडीशन बनी हुई है, सोने-चांदी की तूफानी तेजी जारी रहेगी. वैश्विक अस्थिरता की स्थिति में सोने की मांग बढ़ जाती है. सेफ हैवन के तौर पर निवेशक सोने-चांदी में निवेश बढ़ाने लगते हैं. मांग बढ़ने से कीमतों में तेजी आती है. अमेरिका में टैरिफ को लेकर सुप्रीम कोर्ट और ट्रंप के बीच के तनाव से सोना अभी और चमकने वाला है.
सिर्फ टैरिफ ही नहीं, अमेरिका-ईरान का तनाव बढ़ाएगा दवाब
अमेरिका-ईरान के बढ़ते तनाव के चलते सोना और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है. COMEX गोल्ड 5000 डॉलर के पार पहुंच चुका है. MCX पर भी दोनों ही मेटल्स रिकॉर्ड स्तर को छूने के लिए तेजी से भाग रहे हैं. सेफ हेवन डिमांड, कमजोर अमेरिकी GDP और ईरान के साथ जंग की आशंकाओं के चलते सोना-चांदी की कीमतों में तेजी जारी रह सकती है. 29 जनवरी 2026 को सोना अपने ऑल टाइम हाई 1.90 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 4.20 लाख रुपये प्रति किलोग्राम को पार कर गया था. बाजार जानकारों की माने तो ग्लोबल टेंशन और बढ़ती अनिश्चितता के दोनों ही धातुओं का ग्राफ चढ़ता रहेगा.
कहां तक जाएगा सोने-चांदी का भाव ?
सोने-चांदी की कीमत इस समय राइजिंग चैनल में हैं. मार्केट एक्सपर्ट्स मान रहे हैं कि दोनों ही मेटल्स ग्रोथ के ट्रैक पर दौड़ रही हैं. सपोर्ट और रेजिस्टेंस के लिए मार्केट एक्सपर्ट गोल्ड के लिए 1.55 लाख के लेवल पर रेजिस्टेंस. माना जा रहा है कि चांदी 3 से 5 साल के लॉन्ग बुल रन में एंट्री कर चुके हैं. अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों को लेकर फिलहाल तस्वीरें साफ नहीं हैं, वहीं डॉलर की मजबूत स्थिति बनी हुई है, जो सोने पर नेगेटिव असर डालता है. ऐसे में जानकार मानते हैं कि जब तक जियो पॉलिटिकल टेंशन खत्म नहीं होगी, तब तक गोल्ड और सिल्वर सेफ हैवन बने रहेंगे और लॉन्ग टर्म में मुनाफा देते रहेंगे.



