Sunday, February 22, 2026
CrimeIndiaTrending

मोटी कहता था पति, मेरी बहन को मार डाला… नवविवाहिता की मौत पर परिजनो के संगीन आरोप

मोटी कहता था पति, मेरी बहन को मार डाला… नवविवाहिता की मौत पर परिजनो के संगीन आरोप
मोटी कहता था पति, मेरी बहन को मार डाला… नवविवाहिता की मौत पर परिजनो के संगीन आरोप

कानपुर के फेथफुलगंज में नवविवाहिता अंजली की संदिग्ध मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति व ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और तकिये से मुंह दबाकर हत्या का आरोप लगाया है। भाई का कहना है कि पति बहन को मोटी कहकर प्रताड़ित करता था।  पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच शुरू की है।

कानपुर के रेलबाजार थाना क्षेत्र स्थित फेथफुलगंज इलाके में गुरुवार देर रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।

‘पति मोटी कहकर अपमानित करता था’

अंजली के भाई बिंदू का कहना है कि बहनोई कुलदीप के किसी अन्य युवती से अवैध संबंध थे। इसी बात को लेकर वह अंजली का मानसिक उत्पीड़न करता था और उसे ‘मोटी’ कहकर अपमानित करता था। परिवार का आरोप है कि मकर संक्रांति पर जब अंजली मायके आई थी, तब उसने ससुराल में हो रही प्रताड़ना और पति के व्यवहार की जानकारी दी थी। आरोप है कि इसी दौरान कुलदीप ने गोविंदनगर निवासी एक युवती को घर लाकर रखना शुरू कर दिया था। इस पर दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई और समझौते के बाद अंजली को फिर से ससुराल भेज दिया गया।

तकिए से मुंह दबाकर हत्या- परिजन

भाई के मुताबिक गुरुवार देर रात कुलदीप का फोन आया कि अंजली के पेट में तेज दर्द हो रहा है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। कुछ ही देर बाद दूसरी कॉल में अंजली की मौत की सूचना दी गई। मायके पक्ष का आरोप है कि अंजली की तकिये से मुंह दबाकर हत्या की गई है और इसे बीमारी का रूप देने की कोशिश की गई।

जानकारी के अनुसार उन्नाव जिले के बंगारमऊ थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर निवासी 24 वर्षीय अंजली चार भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटी थी। उसका विवाह 5 दिसंबर 2025 को कानपुर के फेथफुलगंज निवासी कुलदीप से हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के एक सप्ताह बाद से ही अंजली को दहेज में कार और अतिरिक्त सामान की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारण स्पष्ट होंगे। यदि परिजनों के आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद मायके पक्ष में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन दोषियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ससुराल पक्ष से भी पूछताछ की जा रही है। नवविवाहित की मौत से इलाके में चर्चा तेज हो गई है।

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।
me.sumitji@gmail.com

Leave a Reply