
Avimukteshwaranand FIR: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य मुकुंदानंद के खिलाफ प्रयागराज एडीजे पॉक्सो स्पेशल कोर्ट ने एफआईआर दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं. शिकायकर्ता आशुतोष ब्रह्मचारी ने आरोप लगाया है कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य मुकुंदानंद नाबालिग बच्चों का यौन उत्पीड़न करते हैं. वहीं, पॉक्सो एक्ट पर केस दर्ज करने के आदेश पर भड़के अविमुक्तेश्वरानंद ने जवाब दिया है.
अविमुक्तेश्वरानंद पर ये आरोप
प्रयागराज महाकुंभ 2025 और हाल ही में खत्म हुए माघ मेला के दौरान स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शिविर में नाबालिग बच्चों के साथ यौन शोषण किया गया. आशुतोष ब्रह्मचारी का कहना है कि दो पीड़ितों ने मामले में उनसे मदद मांगी, जिसके बाद उन्होंने बच्चों की पूरी बात सुनकर झूंसी थाने में एफआईआर के लिए तहरीर दी, लेकिन पुलिस की तरफ से कोई एफआईआर नहीं दर्ज की गई, जिसके चलते उन्होंने कोर्ट में बीएनएस की धारा 173(4) के तहत एक आवेदन दिया.
झूंसी थाने की पुलिस करेगी जांच
इस पर कोर्ट में सुनवाई हुई. साथ ही पीड़ित बच्चों के बयान भी कोर्ट के सामने रिकॉर्ड हुए. इसके बाद पॉक्सो कोर्ट ने शनिवार को मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच करने के आदेश दिए हैं. झूंसी थाने की पुलिस अब पूरे प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर जांच रिपोर्ट कोर्ट में दाखिल करेगी.
एफआईआर दर्ज करने के आदेश पर भड़के अविमुक्तेश्वरानंद
वहीं, पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज करने के आदेश पर भड़के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने आरोपों पर जवाब दिया है. अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि जिसने उनपर आरोप लगाया है वह खुद हिस्ट्रीशीटर है. कई आरोपों में फंसा है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर कहा कि ये धर्मयुद्ध है. मुझे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है. अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि अब कौन सनातन विरोधी है यह बात सामने निकलकर आ चुकी है. उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वालों के अगर आरोप निराधार होते हैं तो उसके ऊपर भी कार्रवाई की मांग की है. वह जांच के लिए तैयार हैं.
रामभद्राचार्य के शिष्य पर लगाया आरोप
इतना ही नहीं शंकराचार्य ने आरोप लगाया कि रामभद्राचार्य के शिष्य विधर्मियों जैसा काम कर रहे हैं. शंकराचार्य ने ये भी कहा कि गोरक्षा के लिए हर तरीके से तैयार हैं. वहीं, वाराणसी में फेमस मिमिक्री आर्टिस्ट और कॉमेडियन अभय शर्मा ने अनोखे अंदाज में अविमुक्तेश्वरानन्द का समर्थन किया है. फेमस कॉमेडियन और मिमिक्री आर्टिस्ट अभय शर्मा ने कहा कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरकार के खिलाफ बोलने की कीमत चुका रहे हैं.






