
उत्तर प्रदेश से एक सनसनीखेज और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की गुटखा खाने की आदत को लेकर ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया।
जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। पति को पत्नी का गुटखा खाना बिल्कुल पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी और झगड़े होते रहते थे। आरोप है कि पति पत्नी के मोबाइल इस्तेमाल करने और बाहर काम पर जाने को लेकर भी उस पर शक करता था, जिससे हालात और बिगड़ते चले गए।
बताया जा रहा है कि महिला घरों में काम करके परिवार का खर्च चलाती थी, जबकि पति न तो नियमित रूप से काम करता था और न ही जिम्मेदारी निभा रहा था। इस बात को लेकर भी दोनों के बीच तनाव बना रहता था। पति खुद शराब पीने का आदी था, जिसका पत्नी विरोध करती थी।
इसी दौरान एक दिन मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आए पति ने दुपट्टे से पत्नी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद पति घबरा गया और शव को कमरे में बंद कर फरार हो गया।
कुछ समय बाद आरोपी ने खुद ही परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस जांच में आरोपी ने हत्या की वजह पत्नी का गुटखा खाना बताया, लेकिन अधिकारियों को यह कारण संदिग्ध लग रहा है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी पत्नी पर अवैध संबंधों का शक करता था।
बताया जाता है कि कुछ दिन पहले ही पत्नी पति की रोज़-रोज की चिकचिक से परेशान होकर मायके चली गई थी। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पंचायत और समझौते के बाद पति ने हाथ-पैर जोड़कर उसे वापस घर लाया था, लेकिन इसके बाद भी झगड़े थमे नहीं और आखिरकार मामला इस दर्दनाक अंजाम तक पहुंच गया।
फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।





